








धामी और नितिन नवीन ने लिया महालक्ष्मी का आशीर्वाद!
बेरीपड़ाव में मुख्यमंत्री और भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष की एक साथ मौजूदगी से बढ़ी सियासी सरगर्मियां!
हल्द्वानी। नैनीताल जिले के दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को बरेली रोड स्थित बेरीपड़ाव के श्री महालक्ष्मी अष्टभुजा मंदिर में पूजा-अर्चना की। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी उनके साथ मंदिर पहुंचे। दोनों नेताओं ने विधि-विधान से मां महालक्ष्मी का पूजन कर प्रदेश और देशवासियों की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
महालक्ष्मी मंदिर में धामी और नितिन नवीन की एक साथ मौजूदगी ने धार्मिक आयोजन के बीच सियासी हलकों में भी चर्चा बढ़ा दी। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का प्रदेश दौरा और मुख्यमंत्री के साथ उनकी मौजूदगी को संगठन और सरकार के स्तर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि मंदिर में आयोजित कार्यक्रम धार्मिक था, लेकिन दोनों नेताओं की एक साथ मौजूदगी ने राजनीतिक चर्चाओं को जरूर गरमा दिया।
पूजा-अर्चना के दौरान मंदिर परिसर आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर रहा। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की निरंतर प्रगति और जनकल्याण के लिए प्रार्थना की। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट, अनिल बलूनी, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा और लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट समेत अन्य जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु मौजूद रहे।
भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व और प्रदेश नेतृत्व की एक साथ मौजूदगी को ऐसे समय में अहम माना जा रहा है, जब उत्तराखंड की सियासत में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां धीरे-धीरे जोर पकड़ रही हैं। ऐसे में बेरीपड़ाव के महालक्ष्मी मंदिर से सामने आई धामी और नितिन नवीन की तस्वीर ने सियासी चर्चाओं को नई हवा दे दी है।
