खबरें शेयर करें -

धामी जी, बहुत कठिन है डगर पनघट की…
प्रदेश कार्यसमिति के बीच हल्द्वानी में लगे ‘यूजीसी रोल बैक’ के पोस्टर, भाजपा से निष्कासित पूर्व नेता के संदेश ने बढ़ाई सियासी हलचल!

दर्पण न्यूज 24/7 संवाददाता।

हल्द्वानी। भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के हल्द्वानी दौरे के बीच शहर का सियासी तापमान बढ़ता नजर आया। राष्ट्रीय अध्यक्ष के यात्रा मार्ग पर लगाए गए ‘यूजीसी रोल बैक’ के पोस्टरों ने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है। खास बात यह है कि इन पोस्टरों को सनातन जागृति ट्रस्ट के अध्यक्ष विपिन पांडेय की ओर से लगाया गया है, जो भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश मंत्री रह चुके हैं और अनुशासनहीनता के आरोप में पार्टी से निष्कासित किए जा चुके हैं।

शहर के प्रमुख चौराहों और यात्रा मार्ग पर लगाए गए चार बड़े होर्डिंग और आठ छोटे पोस्टरों में बड़े अक्षरों में ‘यूजीसी रोल बैक’ लिखा गया है। इसके साथ ही सनातन धर्म को लेकर संदेश दिया गया है कि वह तोड़ने की नहीं, बल्कि आपस में जोड़ने की बात करता है। पोस्टरों में भगवा रंग और ‘जय श्री राम’ का नारा भी प्रमुखता से अंकित है।

भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष का हल्द्वानी दौरा पहले ही राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा था। ऐसे समय में पार्टी से निष्कासित पूर्व नेता की ओर से राष्ट्रीय अध्यक्ष के यात्रा मार्ग पर इस तरह के पोस्टर लगाए जाने से सियासी चर्चाओं को और हवा मिल गई है।

पोस्टरों का संदेश सीधे तौर पर यूजीसी से जुड़े मुद्दे को लेकर है, लेकिन उनके सामने आने का समय राजनीतिक हलकों में सवाल खड़े कर रहा है। आखिर प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के बीच ही यह संदेश क्यों? क्या यह महज एक मुद्दे को लेकर विरोध दर्ज कराने की कोशिश है या इसके पीछे कोई व्यापक राजनीतिक संदेश भी छिपा है?

फिलहाल पोस्टरों को लेकर भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मगर इतना जरूर है कि प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के बीच सामने आए इन पोस्टरों ने हल्द्वानी की सियासत में हलचल जरूर बढ़ा दी है।

सियासी गलियारों में अब चर्चा यही है—‘धामी जी, बहुत कठिन है डगर पनघट की…’

उत्तराखंड