

बागेश्वर में रिश्तों का कत्ल! भतीजे ने लोहे की रॉड से चाचा-चाची को उतारा मौत के घाट!
बीच-बचाव करने पहुंची चाचा की बहू पर भी जानलेवा हमला, बच्ची को लेकर कमरे में छिपकर बचाई जान, दोहरे हत्याकांड से गांव में सनसनी!
बागेश्वर। पहाड़ में रिश्तों के खून से हाथ रंगने की एक और खौफनाक वारदात सामने आई है। गरुड़ तहसील के नरगोडी गांव में एक भतीजे ने कथित तौर पर लोहे की रॉड से हमला कर अपने सगे चाचा और चाची की हत्या कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची चाचा की बहू को भी आरोपी ने निशाना बनाया और उस पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल महिला अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी गोविंद बल्लभ खोलिया ने पहले घर के ऊपरी कमरे में मौजूद अपनी चाची भगवती देवी पर लोहे की रॉड से हमला किया। इसके बाद नीचे के कमरे में पहुंचकर चाचा पूरन चंद्र खोलिया को भी निशाना बनाया। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
चीख-पुकार सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो चाचा की बहू दर्शनी देवी ने बीच-बचाव की कोशिश की। आरोप है कि आरोपी ने उस पर भी तीन-चार वार कर दिए। जान बचाने के लिए दर्शनी अपनी बच्ची को लेकर कमरे में बंद हो गई और अंदर से कुंडी लगा दी। बाद में किसी तरह दूसरी ओर से बाहर निकलने में सफल रही।
ग्रामीण तीनों घायलों को सीएचसी बैजनाथ ले गए, जहां चिकित्सकों ने पूरन चंद्र और भगवती देवी को मृत घोषित कर दिया। घायल दर्शनी देवी का उपचार जारी है।
शिकायत के बाद भी नहीं थमा विवाद?
स्थानीय लोगों के मुताबिक, आरोपी शराब के नशे में अक्सर गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार करता था। करीब पांच-छह महीने पहले भी उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत की गई थी, लेकिन बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। घटना से एक दिन पहले भी उसके व्यवहार को लेकर शिकायत किए जाने की बात सामने आई है।
वारदात के बाद फरार, चार पुलिस टीमें तलाश में!
दोहरी हत्या के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना पर पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें गठित किए जाने की जानकारी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश कर रही है।
फिलहाल हत्या की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है। लेकिन इस वारदात ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पहले की शिकायतों और कथित विवाद के बावजूद हालात यहां तक कैसे पहुंचे? क्या समय रहते कोई प्रभावी कार्रवाई होती तो दो जिंदगियां बच सकती थीं? इन सवालों के जवाब अब पुलिस जांच से सामने आने हैं।
दर्पण न्यूज 24/7 | खबर वही, जो सवाल भी उठाए।
