बच्चों में निमोनिया का खतरा रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, 15 नवंबर से नवजात सप्ताह!
सीएमओ डॉ. रश्मि पंत ने SAANS अभियान की समीक्षा कर दिए सख्त निर्देश, घर-घर बच्चों की होगी स्क्रीनिंग!
हल्द्वानी। पांच साल से कम उम्र के बच्चों को निमोनिया से बचाने और बीमारी की समय रहते पहचान करने के लिए नैनीताल जिले में स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। SAANS अभियान 2026-27 को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने बुधवार को वर्चुअल बैठक कर स्वास्थ्य अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बच्चों की स्क्रीनिंग से लेकर उपचार और रेफरल तक किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अभियान के तहत आशा और एएनएम कार्यकर्ता घर-घर जाकर पांच वर्ष तक के बच्चों की जांच करेंगी। खांसी, बुखार और सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण मिलने पर बच्चों को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जाएगा। गंभीर स्थिति वाले बच्चों को प्राथमिक उपचार देने के बाद बिना देरी उच्च स्वास्थ्य केंद्र रेफर करने के निर्देश दिए गए हैं।
सीएमओ ने स्वास्थ्य केंद्रों पर निमोनिया के उपचार के लिए आवश्यक दवाइयों, ऑक्सीजन, पल्स ऑक्सीमीटर और अन्य उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही नियमित टीकाकरण के तहत बच्चों को न्यूमोकोकल कंजुगेट वैक्सीन (PCV) की तीनों निर्धारित खुराक समय पर लगाने और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने पर जोर दिया।
निमोनिया से बचाव की लड़ाई केवल अस्पतालों तक सीमित नहीं रहेगी। आंगनबाड़ी केंद्रों, विद्यालयों और गांवों में जागरूकता गतिविधियां चलाकर माताओं को स्तनपान, पोषण, स्वच्छता और बीमारी के शुरुआती लक्षणों की जानकारी दी जाएगी।
इधर, 15 नवंबर से जिले में नवजात सप्ताह भी शुरू होगा। इसके तहत जन्म के तुरंत बाद स्तनपान, छह माह तक केवल मां का दूध पिलाने, नवजात में खतरे के लक्षण पहचानने और समय पर उपचार उपलब्ध कराने को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
सीएमओ ने बताया कि जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम के तहत एक वर्ष तक के बच्चों को सरकारी स्वास्थ्य इकाइयों और चिकित्सालयों में निःशुल्क उपचार की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि बच्चों के बीमार होने पर घरेलू उपचार में समय गंवाने के बजाय नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचें।
बैठक में अधिकारियों को अभियान की नियमित निगरानी और स्क्रीनिंग, उपचार व रेफरल के आंकड़ों की समयबद्ध रिपोर्टिंग के निर्देश भी दिए गए। सीएमओ ने स्पष्ट किया कि ‘Pneumonia Nahi, Toh Bachpan Sahi’ अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता पर चलाया जाए, ताकि पांच साल से कम उम्र के बच्चों में निमोनिया से होने वाली मौतों को कम किया जा सके।

