खबरें शेयर करें -

हल्दू के विशाल वृक्षों की छांव में बसती है भाबर की आस्था! मां कालिका के ऐतिहासिक मंदिरों से जुड़ी है पीढ़ियों की संघर्ष गाथा, धीनाली की रक्षा और सुख-समृद्धि के लिए आज भी होती है आराधना!

हल्दूचौड़, मोटाहल्दू जैसे नामों के पीछे छिपी है प्राकृतिक विरासत की कहानी, भाबर के लगभग हर गांव में पुराने हल्दू वृक्षों के नीचे आज भी विराजमान हैं मां कालिका के मंदिर, जहां पूरा गांव एकजुट होकर करता है आराधना। कभी पशुधन यानी ‘धीनाली’ थी ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़, रिश्तेदारों की कुशलक्षेम पूछने के साथ ‘के छ धिनाई-पाणी?’ सवाल पूछना भी था आत्मीयता का हिस्सा।

प्रमोद बमेटा ब्यूरो दर्पण न्यूज 24/7हल्द्वानी।

आज जिस भाबर की धरती पर तेजी से शहर बस रहे हैं, सड़कें चौड़ी हो रही हैं और आधुनिक विकास की नई इबारत लिखी जा रही है, उसी धरती ने कभी संघर्ष, श्रम, प्रकृति और पशुधन के सहारे जीवन की कठिन राह तय की थी। यह वह दौर था, जब न आज जैसी सुविधाएं थीं और न ही आजीविका के इतने साधन। खेती, जंगल, पानी और पशुधन ही ग्रामीण परिवारों की सबसे बड़ी पूंजी हुआ करते थे। गांवों की पहचान विशालकाय वृक्षों से होती थी और उन्हीं वृक्षों की छांव में स्थापित मां कालिका सहित कुल देवी-देवताओं के मंदिर ग्रामीण जीवन के प्रमुख आस्था केंद्र हुआ करते थे।

भाबर की इस पुरानी जीवनशैली का एक महत्वपूर्ण अध्याय हल्दू के विशालकाय वृक्षों से जुड़ा है। स्थानीय मान्यताओं और बुजुर्गों से मिली जनश्रुतियों के अनुसार, कभी इस क्षेत्र में हल्दू के पेड़ों की बहुतायत हुआ करती थी। इन वृक्षों के आकार और फैलाव के आधार पर मोटाहल्दू और हल्दूचौड़ जैसे क्षेत्रों के नाम प्रचलित होने की बात भी स्थानीय लोग बताते हैं। माना जाता है कि मोटे हल्दू के पेड़ों से मोटाहल्दू और चौड़े फैलाव वाले वृक्षों से हल्दूचौड़ नाम की पहचान जुड़ी। इन नामों के पीछे के इतिहास पर दस्तावेजी शोध की जरूरत है, लेकिन स्थानीय स्मृतियों में आज भी इन वृक्षों का विशेष स्थान है।

भाबर के गांवों में हल्दू की छांव और मां कालिका की आराधना, पीढ़ियों से चली आ रही परंपरा आज भी जीवित!

भाबर की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का एक खास पहलू यह है कि यहां लगभग हर गांव में किसी न किसी पुराने विशालकाय हल्दू वृक्ष के नीचे मां कालिका का मंदिर या देवी का पवित्र स्थान देखने को मिलता है। इन मंदिरों से केवल किसी एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे गांव की आस्था जुड़ी हुई है। पीढ़ियां बदल गईं, समय और जीवनशैली में बदलाव आ गया, लेकिन मां कालिका के प्रति ग्रामीणों की श्रद्धा आज भी पहले की तरह बनी हुई है। धार्मिक आयोजनों, विशेष अवसरों और पारंपरिक अनुष्ठानों में पूरा गांव एकत्र होकर मां की आराधना करता है।

पुराने समय में जब ग्रामीण जीवन प्रकृति के अधिक निकट था, तब विशाल वृक्ष गांवों के सामूहिक जीवन का केंद्र हुआ करते थे। उन्हीं की छांव में देवी-देवताओं के थान और मंदिर स्थापित किए जाते थे। ग्रामीण मान्यता थी कि मां कालिका और ग्राम देवता गांव, परिवार, बच्चों और पशुधन की रक्षा करते हैं। यही कारण था कि इन देवस्थलों के प्रति पूरे गांव की सामूहिक जिम्मेदारी और श्रद्धा बनी रहती थी।

यह परंपरा केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं थी। इन मंदिरों में ग्रामीण परिवार की खुशहाली, अच्छी फसल, पशुओं की सलामती और दूध-दही की समृद्धि के लिए भी प्रार्थना करते थे। इन वृक्षों के नीचे स्थापित मंदिर प्रकृति और लोकआस्था के ऐसे केंद्र थे, जहां पीढ़ियों ने अपने सुख-दुख साझा किए और सामूहिक जीवन की परंपराओं को आगे बढ़ाया। आज भी इन मंदिरों में गांव के लोग एकजुट होकर मां के दरबार में शीश नवाते हैं।

जब ‘धीनाली’ थी परिवारों की सबसे बड़ी दौलत, दूध-दही और घी के बिना अधूरा था जीवन!

भाबर के पुराने ग्रामीण समाज को समझने के लिए यहां की पारंपरिक आजीविका को समझना जरूरी है। उस दौर में पशुपालन व्यवसाय नहीं, बल्कि परिवार के जीवनयापन का प्रमुख आधार हुआ करता था। स्थानीय बोली में पशुधन को ‘धीनाली’ कहा जाता था। गाय-भैंस और अन्य दुधारू पशु परिवार की आर्थिक समृद्धि के प्रतीक ही नहीं, बल्कि रोजमर्रा के भोजन और भरण-पोषण का भी महत्वपूर्ण साधन थे।

दूध, दही और घी के बिना उस समय के पारंपरिक भोजन की कल्पना अधूरी मानी जाती थी। पशुओं से प्राप्त दूध परिवार की पोषण संबंधी जरूरतें पूरी करता था, जबकि दही और घी भोजन का अभिन्न हिस्सा हुआ करते थे। अतिरिक्त दुग्ध उत्पादन से परिवारों को आर्थिक सहारा भी मिलता था। इसीलिए पशुधन की सलामती ग्रामीणों के लिए केवल आर्थिक चिंता नहीं, बल्कि परिवार के भविष्य और जीवन की सुरक्षा से जुड़ा विषय थी।

‘के छ धिनाई-पाणी?’ रिश्तेदारों की कुशलक्षेम में भी झलकती थी पशुधन की अहमियत!

भाबर की पुरानी ग्रामीण संस्कृति का एक बेहद दिलचस्प पहलू यहां की बोलचाल में भी दिखाई देता था। जब रिश्तेदार और परिचित आपस में मिलते थे तो  परिवार की कुशलक्षेम और घर-परिवार के हालचाल पूछने के साथ एक सवाल जरूर किया जाता था— ‘के छ धिनाई-पाणी?’

स्थानीय बोली के इस सवाल का आशय होता था कि घर में कितने दुधारू पशु हैं, कितने मवेशी दूध दे रहे हैं और धीनाली कैसी चल रही है? यानी किसी परिवार की कुशलता जानने का एक महत्वपूर्ण पैमाना उसके पशुधन और दुग्ध उत्पादन को भी माना जाता था।

यह महज औपचारिक सवाल नहीं, बल्कि एक-दूसरे के जीवन और आजीविका के प्रति अपनापन जताने का तरीका था। रिश्तेदारों के बीच बातचीत में खेत-खलिहान, फसल और परिवार के साथ धीनाली का हाल जानना भी उतना ही जरूरी समझा जाता था। गाय-भैंसों की संख्या, उनकी सेहत और दूध की उपलब्धता परिवार की आर्थिक स्थिति का आईना हुआ करती थी।

आज भले ही बातचीत के तौर-तरीके बदल गए हों, लेकिन ‘के छ धिनाई-पाणी?’ जैसे लोकप्रचलित शब्द उस दौर की भाषा, आत्मीयता और पशुपालन आधारित जीवनशैली की अनमोल विरासत हैं। यह छोटा-सा सवाल बताता है कि भाबर के लोगों के लिए पशुधन केवल मवेशियों का समूह नहीं, बल्कि परिवार की खुशहाली और जीवन का अभिन्न हिस्सा था।

धीनाली की सलामती के लिए मां कालिका के दरबार में लगती थी अर्जी!

पशुओं का बीमार होना, उनका खो जाना या दुग्ध उत्पादन में कमी आना परिवार की आजीविका को सीधे प्रभावित कर सकता था। ऐसे में ग्रामीण अपनी कुल देवी मां कालिका और ग्राम देवताओं के दरबार में पहुंचकर परिवार, पशुधन और धीनाली की रक्षा की मनौती मांगते थे। अच्छी दुग्ध उपज और घर में सुख-समृद्धि बनी रहे, इसके लिए भी आराधना की जाती थी। यह उस समय के समाज की धार्मिक आस्था और आर्थिक जरूरतों के बीच गहरे रिश्ते को दर्शाता है। आज भी मां के मंदिरों में परिवार और गांव की खुशहाली के साथ पशुधन की सलामती की कामना करने की परंपरा जारी है।

हल्दूचौड़ क्षेत्र के कई विशालकाय वृक्ष आज भी समेटे है भाबर के अतीत की अनकही कहानी!

इस विरासत के जीवंत उदाहरण हल्दूचौड़ के विभिन्न गांवों में स्थित विशालकाय हल्दू के पेड़ और उनके नीचे बने मां काली के मंदिर आज भी  कई पीढ़ियों के बदलते समय के साक्षी है। इन वृक्षों की वास्तविक आयु का कोई प्रमाणिक अभिलेख उपलब्ध नहीं है, लेकिन स्थानीय बुजुर्गों की स्मृतियों में यह पेड़ लंबे समय से इसी विशाल स्वरूप में मौजूद है।

जग्गीबंगर निवेश डॉ. चंद्र बल्लभ चौनाल बताते हैं कि जब इस क्षेत्र में बस्ती बसनी शुरू हुई थी, तब यह पेड़ लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण पहचान हुआ करते थे। उस समय आधुनिक सड़कें और दिशा बताने वाले संकेतक नहीं थे। ऐसे में विशालकाय पेड़ ही लोगों को रास्ते और स्थान की पहचान कराने का माध्यम बनते थे।

समाजसेवी मंजुल चौनाल बताते हैं कि करीब तीन दशक पहले इन विशालकाय वृक्षों पर गिद्धों का बसेरा हुआ करता था। अब ये पक्षी यहां लगभग दिखाई नहीं देते। वर्तमान में उल्लू और तोते इन पेड़ो पर अपना आशियाना बनाए हुए हैं।

हल्दूचौड़ के जग्गी बंगर में विशालकाय वृक्ष के नीचे कालिका माता के साथ ही  गुरु गोरखनाथ जी का  मंदिर भी स्थापित हैं। स्थानीय लोगों की इन देवस्थलों के प्रति गहरी आस्था है। मंजुल चौनाल के अनुसार, यहां एक शिक्षक दंपती के बेटे ने माता-पिता के तबादले की मनौती मांगी थी। उसने प्रार्थना की थी कि यदि उसके माता-पिता का तबादला हो गया तो वह मंदिर में एक सिक्का चढ़ाएगा। स्थानीय मान्यता के अनुसार, उसकी मनौती पूरी हुई और उसने मंदिर में सिक्का चढ़ाया।

ललित मोहन चौनाल बताते हैं कि कालिका माता की प्रतिमा कोलकाता से एक महिला के माध्यम से यहां लाई गई थी, जिसके बारे में स्थानीय मान्यता है कि उस पर देवी का अवतरण हुआ था। वहीं गुरु गोरखनाथ की प्रतिमा मुक्तेश्वर के निकट सूंड क्षेत्र से यहां लाई गई थी। ये जनश्रुतियां इस वृक्ष और उससे जुड़े देवस्थलों को धार्मिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से विशिष्ट बनाती हैं।

हल्द्वानी के पनियाली में भी मौजूद है भाबर की प्राकृतिक विरासत का पुराना गवाह।

हल्दू के विशालकाय वृक्षों की यह विरासत केवल हल्दूचौड़ तक सीमित नहीं है। हल्द्वानी के कठघरिया के निकट पनियाली क्षेत्र में भी हल्दू का एक पुराना विशाल वृक्ष मौजूद है। यहां निवाशी नरेंद्र सिंह बिष्ट बताते हैं कि क्षेत्र के बुजुर्ग इस पेड़ को अपने बचपन से इसी स्वरूप में देखते आ रहे हैं। ऐसे वृक्ष इस बात की याद दिलाते हैं कि कभी भाबर की धरती पर विशाल पेड़ों की मौजूदगी ग्रामीण जीवन का अभिन्न हिस्सा हुआ करती थी।

विकास की दौड़ में प्राकृतिक विरासत को बचाने की जरूरत, आस्था के ये केंद्र आज भी हैं गांवों की पहचान।

आज भाबर का स्वरूप तेजी से बदल रहा है। जिन गांवों में कभी पशुपालन और खेती ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हुआ करते थे, वहां अब शहरीकरण और आधुनिक जीवनशैली का विस्तार हो रहा है। धीनाली पर आधारित पारंपरिक जीवन व्यवस्था भी बदलाव के दौर से गुजर रही है। इसके बावजूद मां कालिका के प्रति ग्रामीणों की आस्था और हल्दू के वृक्षों के नीचे स्थापित मंदिरों की परंपरा आज भी कायम है। इन मंदिरों में आज भी ग्रामीण पूरे परिवार और गांव के साथ पहुंचकर पूजा-अर्चना करते हैं। सुख-समृद्धि, पशुधन की सलामती और गांव की खुशहाली के लिए मां के दरबार में प्रार्थनाएं होती हैं।

विडंबना यह है कि जिन वृक्षों के नाम पर क्षेत्र के गांव और कस्बे पहचाने जाते हैं, उन्हीं वृक्षों की ऐतिहासिक और पर्यावरणीय विरासत को संरक्षित करने की दिशा में अभी बहुत कुछ किया जाना बाकी है। हल्दूचौड़,मोटाहल्दू, पनियाली समेत भाबर के तमाम गांवों में बचे पुराने वृक्षों का वैज्ञानिक सर्वेक्षण होना चाहिए। उनकी आयु, प्रजाति, स्वास्थ्य और पारिस्थितिक महत्व का आकलन कर उपयुक्त वृक्षों को विरासत वृक्ष के रूप में संरक्षित करने की पहल की जानी चाहिए।

इसके साथ ही इन वृक्षों के नीचे स्थापित मां कालिका के ऐतिहासिक मंदिरों, कुल देवी-देवताओं के थानों और उनसे जुड़ी लोकपरंपराओं का दस्तावेजीकरण भी जरूरी है। बुजुर्गों के अनुभवों, स्थानीय बोलियों और लोककथाओं को संकलित कर इस क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाया जा सकता है।

भाबर की असली संघर्ष गाथा केवल गांवों के बसने की कहानी नहीं, बल्कि उन लोगों की भी कहानी है जिन्होंने प्रकृति, पशुधन और अपनी आस्था के सहारे जीवन की कठिन राह तय की। जिन विशाल वृक्षों की छांव में कभी मां कालिका की आराधना के साथ धीनाली की सलामती की प्रार्थनाएं गूंजती थीं, आज भी उन्हीं वृक्षों के नीचे ग्रामीण श्रद्धा से शीश नवाते हैं। यही इस क्षेत्र की जीवित सांस्कृतिक विरासत है।

मोटाहल्दू और हल्दूचौड़ जैसे नाम उस पुराने दौर की याद दिलाते हैं। ये विशालकाय वृक्ष आज भी खड़े होकर मानो यह संदेश दे रहे हैं कि विकास की दौड़ में आगे बढ़ना जरूरी है, लेकिन अपनी जड़ों को बचाकर रखना उससे भी ज्यादा जरूरी है।

क्योंकि हल्दू के वृक्ष बचेंगे तो केवल हरियाली नहीं बचेगी, उनके साथ मां कालिका के मंदिरों से जुड़ी आस्था, ‘के छ धिनाई-पाणी?’ जैसे लोकभाषा के आत्मीय संवाद, भाबर की लोकस्मृतियां, धीनाली पर आधारित ग्रामीण संस्कृति और इतिहास के अनमोल अध्याय भी जीवित रहेंगे।

उत्तराखंड