मां और चचेरे भाई की आंखों के सामने 22 साल के युवक को उठा ले गया बाघ! दो घंटे बाद जंगल में मिला क्षत-विक्षत शव!
रामनगर में खूनी बाघ का खौफनाक हमला, जंगल में मवेशियों की देखभाल करने गए युवक की दर्दनाक मौत, वन गुज्जर परिवारों की सुरक्षा पर फिर उठे गंभीर सवाल!
दर्पण न्यूज 24/7 रामनगर। उत्तराखंड के जंगलों में बाघ का आतंक एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ है। रामनगर क्षेत्र में एक खूंखार बाघ ने मां और चचेरे भाई की आंखों के सामने 22 वर्षीय युवक पर अचानक हमला कर दिया। इससे पहले कि परिजन कुछ समझ पाते या उसे बचाने की कोशिश करते, बाघ युवक को जबड़ों में दबाकर घने जंगल की ओर घसीट ले गया। इस खौफनाक मंजर ने परिवार को चीखने-बिलखने पर मजबूर कर दिया। करीब दो घंटे की तलाश के बाद युवक का शव जंगल में बरामद हुआ।
घटना ने एक परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। जिस जंगल के आसपास वन गुज्जर परिवार पीढ़ियों से रहकर अपनी रोजमर्रा की जिंदगी और पशुपालन करते आ रहे हैं, वही जंगल अब उनके लिए जानलेवा खतरा बनता जा रहा है। मवेशियों की देखभाल और दूसरे जरूरी कामों के लिए जंगल में जाने वाले लोगों पर बाघ के हमलों का खतरा लगातार चिंता का विषय बना हुआ है।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि युवक की जान बचाने के लिए उसके अपने परिजन भी मौके पर मौजूद थे, लेकिन बाघ के अचानक और घातक हमले के सामने वे बेबस रह गए।
इधर, तराई पश्चिमी वन प्रभाग के डीएफओ पुनीत तोमर ने बताया कि मृतक के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
लेकिन सवाल सिर्फ मुआवजे का नहीं है। सवाल यह है कि आखिर जंगलों के बीच रहने वाले परिवारों की जान की सुरक्षा कौन करेगा? क्या किसी युवक की बाघ के हमले में मौत हो जाने के बाद मुआवजे की प्रक्रिया शुरू कर देना ही वन विभाग की जिम्मेदारी पूरी कर देता है? जंगल में रोजी-रोटी और पशुपालन के लिए जाने वाले परिवारों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के लिए ठोस कदम कब उठाए जाएंगे?
रामनगर की यह घटना एक बार फिर वन्यजीवों और इंसानों के बीच बढ़ते संघर्ष की भयावह तस्वीर सामने लाती है। जरूरत सिर्फ मुआवजे की नहीं, बल्कि ऐसी प्रभावी व्यवस्था की है, जिससे जंगल के आसपास रहने वाले परिवारों को हर दिन मौत के साये में जिंदगी न गुजारनी पड़े।

