सात करोड़ के हनीट्रैप केस में अचानक कोतवाली पहुंची मुख्य आरोपी ज्योति सिंह! गिरफ्तारी पर रोक की मियाद खत्म होने से पहले पुलिस के सामने पेशी।
बेटी को साथ लेकर पहुंची ज्योति, अपने पक्ष का पत्र विवेचना में शामिल कराने की कोशिश, सीओ ने पत्र लेने से किया इनकार।
दर्पण न्यूज 24/7 संवाददाता
हल्द्वानी। करीब सात करोड़ रुपये की रकम और संपत्ति हड़पने के कथित हनीट्रैप प्रकरण में मंगलवार को उस वक्त नया मोड़ आ गया, जब मुकदमा दर्ज होने के बाद से पुलिस की पकड़ से दूर चल रही मुख्य आरोपी ज्योति सिंह अचानक अपनी बेटी के साथ हल्द्वानी कोतवाली पहुंच गई। खास बात यह रही कि हाईकोर्ट से मिली गिरफ्तारी पर रोक की मियाद समाप्त होने से ठीक एक दिन पहले ज्योति की यह अचानक आमद हुई। वह अपने पक्ष में तैयार एक पत्र लेकर पहुंची थी और उसे विवेचना का हिस्सा बनवाना चाहती थी, लेकिन पुलिस अधिकारियों ने पत्र लेने से इनकार कर दिया।
मामला शहर के बड़े कारोबारी सुभाष गुप्ता से जुड़ा है। आरोप है कि उन्हें कथित हनीट्रैप में फंसाकर करीब सात करोड़ रुपये की रकम और संपत्ति हड़पने की साजिश रची गई। इस मामले में बीती 17 नवंबर को टनकपुर रोड निवासी मोहम्मद मुश्ताक, गौजाजाली उत्तर निवासी ज्योति सिंह, हल्द्वानी निवासी कृष्णा कुमार, विरक जी और सोमवती समेत दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था।
मुकदमा दर्ज होने के बाद ज्योति सिंह और मोहम्मद मुश्ताक के मोबाइल फोन बंद हो गए थे। इसके बाद ज्योति ने गिरफ्तारी से बचने के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया और हाईकोर्ट से 25 नवंबर तक गिरफ्तारी पर रोक हासिल कर ली। तब से पुलिस मामले की विवेचना कर रही थी और ज्योति की भूमिका जांच के दायरे में थी।
मंगलवार को अचानक ज्योति अपनी बेटी के साथ कोतवाली पहुंची और सीधे सीओ सिटी लव शर्मा से मुलाकात करने पहुंच गई। उसके हाथ में एक पत्र था, जिसे वह अपने पक्ष का दस्तावेज बताते हुए विवेचना में शामिल कराना चाहती थी। हालांकि सीओ ने पत्र लेने से इनकार करते हुए उसे विवेचना अधिकारी से संपर्क करने की सलाह दी।
सीओ सिटी लव शर्मा ने बताया कि ज्योति उनसे मिलने आई थी। उसे विवेचना अधिकारी से संपर्क करने के लिए कहा गया है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि गिरफ्तारी पर रोक की अवधि समाप्त होने के बाद पुलिस इस हाईप्रोफाइल मामले में आगे क्या कदम उठाती है और ज्योति सिंह की अचानक कोतवाली पहुंचने के पीछे क्या रणनीति है। फिलहाल उसकी इस आमद ने करोड़ों रुपये के कथित हनीट्रैप प्रकरण को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।

