oplus_144703490
खबरें शेयर करें -

हाथियों का तांडव! खेतों में उजड़ रही किसानों की मेहनत, रातों की नींद हराम, अब फसलों के साथ ही जानमाल पर भी मंडराया संकट।

हरिपुर भानदेव, राधा बंगर और हरिपुर बच्ची समेत कई गांवों में जंगली हाथियों का भारी उत्पात, किसानों की गुहार पर प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे समाजसेवी हेमवती नंदन दुर्गापाल!

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल तक पहुंचा किसानों का दर्द, प्रभावित क्षेत्रों में हाथियों के आतंक रोकने हेतु आवश्यक कदम उठाने का मिला भरोसा!

हल्दूचौड़। तराई-भाबर के गांवों में जंगली हाथियों का आतंक किसानों की वर्षों की मेहनत पर भारी पड़ने लगा है। खेतों में लहलहाती फसलें हाथियों के झुंड के लिए निवाला बन रही हैं और किसान अपनी आंखों के सामने खून-पसीने से सींची मेहनत को बर्बाद होते देखने को मजबूर हैं। दिनभर खेतों में मेहनत करने वाले किसानों की रातें अब खेतों की रखवाली और हाथियों की आहट सुनने में गुजर रही हैं। हरिपुर भानदेव, राधा बंगर, हरिपुर बच्ची समेत आसपास के गांवों में जंगली हाथियों द्वारा मचाए जा रहे उत्पात ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है।

किसानों का दर्द केवल फसल बर्बाद होने तक सीमित नहीं है। उनके सामने परिवार की आजीविका, खेती की लागत और भविष्य की चिंता भी खड़ी हो गई है। किसानों का कहना है कि बड़ी मुश्किल से बीज, खाद, सिंचाई और मेहनत के सहारे तैयार की गई फसल यदि हाथियों के झुंड ने एक ही रात में तहस-नहस कर दी तो उनकी पूरी आर्थिक गणित बिगड़ जाती है। खेती पर निर्भर परिवारों के लिए यह नुकसान किसी बड़े आर्थिक झटके से कम नहीं है।

लगातार बढ़ती परेशानी के बीच प्रभावित गांवों के किसानों ने समाजसेवी हेमवती नंदन दुर्गापाल से मुलाकात कर अपनी पीड़ा रखी। किसानों की व्यथा सुनने के बाद दुर्गापाल ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और मौके पर ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को समझा। इसके बाद उन्होंने जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल को किसानों की समस्या से अवगत कराते हुए हाथियों के उत्पात से राहत दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाने का आग्रह किया।

जिलाधिकारी ने किसानों की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए हर संभव प्रयास करने का भरोसा दिया। हालांकि अब ग्रामीणों की निगाहें इस भरोसे के धरातल पर उतरने और उन्हें वास्तविक राहत मिलने पर टिकी हैं।

सवाल सिर्फ फसल का नहीं, किसानों की सुरक्षा और आजीविका का भी है। आखिर कब तक किसान अपनी मेहनत की फसल को जंगली हाथियों से बचाने के लिए रात-रातभर जागते रहेंगे? कब खेतों और आबादी वाले क्षेत्रों में हाथियों की आवाजाही रोकने के लिए ठोस इंतजाम होंगे? और फसल बर्बाद होने के बाद मिलने वाली राहत किसानों के वास्तविक नुकसान की भरपाई कब कर पाएगी? ये ऐसे सवाल हैं जिनका जवाब प्रभावित गांवों के किसान वन विभाग और प्रशासन से चाहते हैं।

ग्रामीणों की मांग है कि प्रभावित क्षेत्रों में हाथियों की आवाजाही रोकने के लिए प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था की जाए, संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाई जाए तथा फसल नुकसान का पारदर्शी सर्वे कर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए। किसानों को ऐसी व्यवस्था चाहिए जिससे उन्हें हर रात अपनी जान जोखिम में डालकर खेतों की रखवाली न करनी पड़े।

इस दौरान किसान कैलाश बमेटा, केशव दत्त बमेटा, पूरन बमेटा, राजू बमेटा, भैरव दत्त बमेटा, दीपू बमेटा, किशन तिवारी, जगदीश बमेटा समेत दर्जनों किसान मौजूद रहे।

किसानों की पीड़ा अब केवल खेतों की मेड़ तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। प्रशासन के सामने खड़ा यह सवाल बेहद गंभीर है कि अन्नदाता आखिर अपनी फसल, परिवार और जान की सुरक्षा के लिए कब तक खुद ही संघर्ष करता रहेगा? किसानों को आश्वासन नहीं, जमीन पर दिखाई देने वाली राहत चाहिए।

उत्तराखंड