खबरें शेयर करें -

कोहरे के मौसम में सतर्क हुआ प्रशासन — सड़कों पर बढ़ेगी सुरक्षा, ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार पर होगी सख्ती
रुद्रपुर, 13 नवम्बर 2025 (दर्पण न्यूज़ 24×7)

जिले में कोहरे के मौसम को देखते हुए प्रशासन सतर्क हो गया है। जिला सभागार में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र ने अधिकारियों को सड़कों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोहरे के दौरान हादसों की रोकथाम के लिए सड़कों के कटों, मोड़ों और डायवर्जनों पर कैट-आई, साइनेज और रिफ्लेक्टर लगाए जाएं।

अपर जिलाधिकारी ने परिवहन, पुलिस और लोक निर्माण विभाग को संयुक्त निरीक्षण कर ब्लैक स्पॉट्स की पहचान करने और वहां सुरक्षात्मक कार्य कराने के निर्देश दिए। उन्होंने ओवरस्पीड, ओवरलोडिंग, नशे में वाहन चलाने, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल प्रयोग और मालवाहक वाहनों में यात्रियों को ढोने पर नियमित प्रवर्तन अभियान चलाने के आदेश एआरटीओ और पुलिस विभाग को दिए।

इसके साथ ही मिश्र ने राष्ट्रीय राजमार्ग और लोक निर्माण विभाग को दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में स्पीड लिमिट और चेतावनी बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़कों पर लगे ट्रांसफार्मर, विद्युत पोल, यूनिपोल व होर्डिंग जो यातायात में बाधा डाल रहे हैं, उन्हें हटाने के निर्देश नगर निकायों को दिए।

उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों की सड़कों और चौराहों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, और खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत तुरंत की जाए। वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट के प्रयोग के लिए जागरूकता अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए।

अपर जिलाधिकारी ने चेताया कि सड़कों के किनारे अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा करना दुर्घटनाओं का कारण बन सकता है। ऐसे वाहनों के खिलाफ नियमित चालान कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने एनएचएआई को जिला न्यायालय और सिडकुल के पास बन रहे फुटओवर ब्रिज को दिसंबर 2025 तक पूरा करने के निर्देश भी दिए, ताकि लोग सुरक्षित रूप से सड़क पार कर सकें।

जनता से अपील करते हुए उन्होंने कहा — “सुरक्षित वाहन चलाएं और सुरक्षित घर लौटें।” उन्होंने औद्योगिक इकाइयों के संचालकों से रात्रिकालीन शिफ्ट में काम करने वाले मजदूरों के लिए रिफ्लेक्टिव जैकेट उपलब्ध कराने की भी अपील की।

बैठक में पीडी एनएचएआई विकास मित्तल, एसीएमओ डॉ. एस.पी. सिंह, एआरटीओ मोहित कोठारी, नवीन कुमार सिंह, संदीप कुमार वर्मा, सहायक अभियंता मनोज कुमार सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि अधीक्षण अभियंता गजेन्द्र सिंह वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

दर्पण न्यूज 24*7 डेस्क

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *