खबरें शेयर करें -

किच्छा में माहौल बिगाड़ने की साजिश नाकाम — सीओ भूपेंद्र सिंह धोनी का बड़ा खुलासा!
दर्पण न्यूज 24/7 किच्छा। त्योहारों के मद्देनज़र शहर की कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। किच्छा कोतवाली में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी भूपेंद्र सिंह धोनी ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि शहर का माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। इस दौरान कोतवाल प्रकाश सिंह दानू भी मौजूद रहे।
सीओ धोनी ने बताया कि बीते दिवस हल्द्वानी रोड स्थित हनुमान मंदिर के सामने मांस के टुकड़े पड़े मिलने की सूचना से क्षेत्र में आक्रोश की स्थिति बन गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।
जांच में चौंकाने वाला सच सामने आया। फुटेज में स्पष्ट हुआ कि किसी असामाजिक तत्व द्वारा मांस फेंकने की घटना नहीं हुई, बल्कि एक कुत्ते द्वारा उल्टी किए जाने से वहां मांस के टुकड़े पड़े दिखाई दिए।
सीओ धोनी ने कहा कि त्योहारों के दौरान अफवाह फैलाकर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर पुलिस की कड़ी नजर है। ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास न करें और शांति एवं भाईचारा बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
पुलिस प्रशासन ने साफ संदेश दिया है — शहर की शांति से खिलवाड़ करने वालों पर अब सीधी कार्रवाई होगी।

उत्तराखंड