खबरें शेयर करें -

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह आज नैनीताल दौरे पर, प्रशासन हाई अलर्ट।
वीवीआईपी के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा, रूट व कार्यक्रम स्थल पर सघन चेकिंग!
दर्पण न्यूज 24/7 | संवाददाता
हल्द्वानी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आज नैनीताल दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है।
मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में अधिकारियों ने सुरक्षा को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की। तय किया गया कि वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया जाएगा। कार्यक्रम स्थल, रूट और आसपास के क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।
बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड द्वारा हर स्थल का निरीक्षण किया जा रहा है। केवल अधिकृत पास धारकों को ही प्रवेश मिलेगा, जबकि छतों और ऊंची इमारतों पर विशेष पुलिस बल तैनात रहेगा। सीसीटीवी के जरिए लगातार निगरानी की जाएगी और कंट्रोल रूम से 24 घंटे मॉनिटरिंग जारी रहेगी।
इसके अलावा एटीएस, क्यूआरटी और रिजर्व फोर्स को अलर्ट मोड में रखा गया है। फायर सर्विस, एम्बुलेंस और मेडिकल टीम को भी पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। एलआईयू को सतत सूचना संकलन और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखने को कहा गया है।
ईद और लंबे वीकेंड के मद्देनजर पर्यटकों की संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। सुबह 7 बजे से रात 12 बजे तक भारी और मालवाहक वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध रहेगा। हालांकि दूध, सब्जी, पेट्रोल-डीजल, एलपीजी और मेडिकल जैसी आवश्यक सेवाओं को छूट दी गई है।
प्रशासन का दावा है कि सुरक्षा के सभी इंतजाम पुख्ता हैं और कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न कराया जाएगा।

उत्तराखंड