जंगल में तस्करों ने बरसायी गोलियां, डटे रहे वन दरोगा धन सिंह अधिकारी, 75 राउंड फायरिंग से दहला बरहनी रेंज का जंगल, तीन बाइक और सागौन छोड़कर भागे तस्कर ,आखिर किसके संरक्षण में इतने बेखौफ हैं लकड़ी के सौदागर?
रुद्रपुर। जंगल में रात का अंधेरा था, सामने कथित लकड़ी तस्कर और उनके हाथों में बंदूकें। अचानक गोलियां बरसने लगीं। एक तरफ सागौन की लकड़ी बचाने का संकल्प लेकर पहुंची वन विभाग की एसओजी टीम थी तो दूसरी तरफ कानून को चुनौती देने का दुस्साहस दिखाते तस्कर। गोलियों की गूंज के बीच वन दरोगा धन सिंह अधिकारी और उनकी टीम ने मोर्चा संभाले रखा। जान पर बन आई, लेकिन वनकर्मी पीछे नहीं हटे। धन सिंह अधिकारी इस गोलीबारी में बाल-बाल बच गए।
ऊधम सिंह नगर जिले के तराई केंद्रीय वन प्रभाग की बरहनी रेंज में हुई इस घटना ने वन विभाग की सुरक्षा व्यवस्था और जंगलों में सक्रिय लकड़ी तस्करों के नेटवर्क को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह अब महज सागौन की लकड़ी की तस्करी का मामला नहीं रह गया, बल्कि वन विभाग के सरकारी अमले को खुलेआम चुनौती देने वाला घटनाक्रम बन गया है।
घटना बोर नदी जीरो पॉइंट के पास की बताई जा रही है। वन विभाग की एसओजी टीम को लंबे समय से इस इलाके में सागौन की लकड़ी की तस्करी की सूचनाएं मिल रही थीं। इसी आधार पर टीम जंगल में निगरानी कर रही थी। इसी दौरान वनकर्मियों का सामना कथित तस्करों से हो गया।
वनकर्मियों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो अचानक फायरिंग शुरू हो गई। बताया गया कि तस्करों की ओर से करीब 40 से 45 राउंड गोलियां चलाई गईं। जवाब में वन विभाग की टीम ने आत्मरक्षा में करीब 30 से 35 राउंड फायरिंग की। यानी दोनों ओर से लगभग 75 राउंड गोलियां चलने की बात सामने आई है।
इस गोलीबारी में वन दरोगा धन सिंह अधिकारी बाल-बाल बच गए। अंधेरे में गोलियों की आवाज के बीच वनकर्मियों ने मोर्चा संभाले रखा। आखिरकार तस्कर जंगल के रास्ते भाग निकले, वे अपनी तीन मोटरसाइकिलें और तस्करी के लिए काटकर रखे गए सागौन के लकड़ी के गिल्टे वहीं छोड़ गए। सूचना मिलने पर प्रभागीय वनाधिकारी ने अतिरिक्त वनकर्मियों को मौके पर भेजा। पुलिस को भी घटना से अवगत कराया गया। वन विभाग ने तीनों मोटरसाइकिलें और सागौन की लकड़ी कब्जे में ले ली।
डीएफओ उमेश चंद तिवारी के मुताबिक, वन विभाग की ओर से तहरीर दी जाएगी। इसके आधार पर वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल फरार तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस पूरे घटनाक्रम में वन दरोगा धन सिंह अधिकारी और उनकी टीम की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। जंगल में हथियारबंद तस्करों के सामने डटे रहना आसान नहीं है। वन संपदा की रक्षा करते हुए अपनी जान जोखिम में डालने वाले इन कर्मचारियों का साहस निश्चित रूप से सराहनीय है।
लेकिन यहां एक बड़ा सवाल भी है। क्या वन विभाग अपने फील्ड कर्मचारियों को पर्याप्त सुरक्षा संसाधन उपलब्ध करा रहा है? क्या रात में जंगलों में गश्त करने वाली टीमों के पास आधुनिक संचार उपकरण, पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम और जरूरत के मुताबिक अतिरिक्त बल उपलब्ध है?
धन सिंह अधिकारी का बाल-बाल बच जाना राहत की बात है, लेकिन अगली बार ऐसा ही हो, इसकी कोई गारंटी नहीं है। वनकर्मियों की बहादुरी को विभागीय सुरक्षा व्यवस्था का विकल्प नहीं बनाया जा सकता।
तराई केंद्रीय वन प्रभाग की बरहनी रेंज में हुई यह घटना प्रभागीय वनाधिकारी से लेकर वन संरक्षक और वन मुख्यालय के शीर्ष अधिकारियों के लिए खतरे की घंटी है। अब केवल तहरीर देने, मुकदमा दर्ज कराने और मोटरसाइकिलें बरामद करने से जिम्मेदारी पूरी नहीं होगी।
आवश्यकता इस बात की है कि जंगलों में सक्रिय तस्करी के पूरे नेटवर्क की पड़ताल हो। लकड़ी कटान के पीछे कौन लोग हैं? तस्करी की लकड़ी कहां पहुंचाई जाती है? इन गतिविधियों में किन लोगों की भूमिका है? हथियारों के साथ जंगल में पहुंचने का दुस्साहस करने वाले इन लोगों के पीछे कौन सा नेटवर्क काम कर रहा है?
इन सवालों के जवाब तलाशने के लिए विशेष अभियान चलाने की जरूरत है। संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ाने, संदिग्ध रास्तों पर निगरानी रखने और वनकर्मियों को पर्याप्त सुरक्षा संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में तत्काल कदम उठाने होंगे।
तराई केंद्रीय वन प्रभाग लंबे समय से लकड़ी तस्करी को लेकर चर्चा में है। सवाल यह नहीं कि तीन मोटरसाइकिलें और कुछ सागौन के गिल्टे बरामद हो गए। असली सवाल यह है कि आखिर जंगलों में तस्करों के हौसले इतने बुलंद कैसे हो गए कि वे सरकारी टीम पर गोलियां बरसाने से भी नहीं हिचक रहे?
क्या जंगलों में तस्करी का नेटवर्क इतना मजबूत हो चुका है कि वनकर्मियों को भी हथियारों के साये में ड्यूटी करनी पड़ रही है? क्या अब तक की कार्रवाई तस्करों के नेटवर्क को तोड़ने में नाकाम रही है? इन सवालों का जवाब विभाग के आला अधिकारियों को देना होगा।
वन दरोगा धन सिंह अधिकारी और उनकी टीम ने जंगल में अपना फर्ज निभाया। अब बारी विभाग के शीर्ष अधिकारियों की है। उन्हें साबित करना होगा कि जंगल में कानून की बंदूक तस्करों के दुस्साहस से कमजोर नहीं है।
क्योंकि सवाल सिर्फ सागौन के पेड़ों का नहीं, जंगल की हिफाजत करने वाले उन वनकर्मियों की जिंदगी का भी है, जो हर दिन अपनी जान जोखिम में डालकर वन संपदा की रक्षा कर रहे हैं।






