खबरें शेयर करें -

सीमित संसाधनों के वावजूद मरीजों के लिए उम्मीद की ढाल बने  जीवन रक्षकों को अल्मोड़ा ने किया भावभीना सलाम ”
दर्पण न्यूज 24/7अल्मोड़ा।
पंडित हर गोविंद पंत जिला चिकित्सालय, अल्मोड़ा में विषम परिस्थितियों, सीमित संसाधनों और निरंतर बढ़ते दायित्वों के बीच मानव सेवा को सर्वोच्च धर्म मानकर कार्य कर रहे चिकित्सकों का वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता संजय पाण्डे के नेतृत्व में भावपूर्ण एवं गरिमामय समारोह में सम्मान किया गया। यह आयोजन केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि उन जीवन रक्षकों के प्रति समाज की सामूहिक कृतज्ञता का सजीव प्रतीक बन गया, जो हर दिन पीड़ा में डूबे परिवारों के जीवन में आशा की लौ जलाते हैं।
सम्मानित चिकित्सकों में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हरीश चंद्र गड़कोटी, वरिष्ठ लेप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. अमित सुकोटी एवं डॉ. धीरज राज, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. मोनिका सम्मल, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. अविनाश तथा रेडियोलॉजिस्ट डॉ. मोहित टम्टा शामिल रहे। सभी चिकित्सकों को शॉल ओढ़ाकर व पुष्पमालाओं से सम्मानित किया गया। उपस्थित नागरिकों ने खड़े होकर तालियों की गूंज के साथ अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में रामशिला वार्ड के पार्षद नवीन चंद्र आर्य (बबलू भाई), टेलर एसोसिएशन अल्मोड़ा के अध्यक्ष एस.आर. बेग, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य श्री आनंद सिंह बिष्ट सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि संसाधनों की कमी के बावजूद चिकित्सालय की टीम जिस निष्ठा, दक्षता और संवेदनशीलता के साथ सेवाएं दे रही है, वह पूरे समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
वक्ताओं ने बताया कि जिला चिकित्सालय में आधुनिक लेप्रोस्कोपिक तकनीक से जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक की जा रही है। इससे मरीजों को कम पीड़ा, शीघ्र लाभ और बेहतर परिणाम मिल रहे हैं। ईएनटी की जटिल शल्यक्रियाएं, अस्थि रोगों की आधुनिक चिकित्सा तथा रेडियोलॉजी विभाग की सटीक और त्वरित जांच सेवाओं से स्थानीय स्तर पर ही उच्च गुणवत्ता की चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो रही है। यह उपलब्धियां अल्मोड़ा को आत्मनिर्भर चिकित्सा व्यवस्था की दिशा में आगे बढ़ा रही हैं।
अपने संबोधन में संजय पाण्डे ने कहा,
“जब जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष होता है, तब चिकित्सक ही उम्मीद की आखिरी किरण बनते हैं। उनका समर्पण केवल पेशा नहीं, बल्कि मानवता की साधना है।”
उन्होंने भविष्य में भी उत्कृष्ट सेवा देने वाले चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों को सम्मानित करने की परंपरा जारी रखने की घोषणा की। समारोह के अंत में उपस्थित नागरिकों ने जीवन रक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल व गौरवपूर्ण भविष्य की कामना की।