सल्ट पुलिस की बड़ी कार्रवाई: TUV-300 से 13.695 किलो गांजा बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार।
अल्मोड़ा/सल्ट।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा देवेन्द्र पींचा के निर्देश पर नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन के तहत सल्ट पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सजग चेकिंग के दौरान पुलिस ने महिन्द्रा TUV-300 वाहन से 13 किलो 695 ग्राम अवैध गांजा बरामद कर तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की बाजार कीमत लगभग 3 लाख 42 हजार रुपये आंकी गई है।
अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह एवं क्षेत्राधिकारी रानीखेत विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष कश्मीर सिंह के नेतृत्व में सल्ट पुलिस टीम कटपतिया तिराहे पर सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान सराईखेत की ओर से आ रही महिन्द्रा TUV-300 (संख्या PB 65 AP-4342) को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में रखे बैग से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसके बाद पुलिस ने मौके से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने अभियुक्तों के विरुद्ध थाना सल्ट में मु0अ0स0-22/25, धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर तस्करी में प्रयुक्त वाहन को सीज कर दिया है। प्रारंभिक पूछताछ में अभियुक्तों ने गांजा रुडौली गांव से रामनगर ले जाने की बात स्वीकार की है। पुलिस गांजा तस्करी के नेटवर्क और खरीद के स्रोतों की गहन जांच में जुट गई है।
गिरफ्तार अभियुक्त:
1. नीरज मेहरा (30 वर्ष) पुत्र स्व. दीवान सिंह मेहरा, निवासी लूटाबड़, थाना रामनगर, जिला नैनीताल
2. करुणा नंदन (22 वर्ष) पुत्र गिरिश चन्द्र, निवासी देवीपुरा मालधन चौड़ नं-04, थाना रामनगर, जिला नैनीताल
3. विशाल सिंह (25 वर्ष) पुत्र स्व. रामवीर सिंह, निवासी चोरपानी शिवनगर वार्ड नं-20, रामनगर, जिला नैनीताल
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती से जारी रहेगा और तस्करी में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
