खबरें शेयर करें -

सोशल मीडिया स्टार ज्योति अधिकारी को कोर्ट से बड़ी राहत, ACJ कोर्ट सेकेंड ने दी जमानत — समर्थकों में खुशी, विरोध जारी।
दर्पण न्यूज 24/7
हल्द्वानी। उत्तराखंड की चर्चित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ज्योति अधिकारी को कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। हल्द्वानी स्थित एसीजे (ACJ) कोर्ट सेकेंड ने उन्हें सशर्त जमानत प्रदान की है। ज्योति अधिकारी बीते गुरुवार से न्यायिक हिरासत में जेल में बंद थीं।
ज्योति अधिकारी पर उत्तराखंड की महिलाओं और लोकदेवताओं के अपमान से जुड़े आरोप लगाए गए थे। साथ ही उन पर सार्वजनिक स्थान पर दराती लहराने का आरोप भी लगाया गया था। मामला सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया था।
जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान अभियोजन और बचाव पक्ष की दलीलें सुनी गईं, जिसके बाद न्यायालय ने ज्योति अधिकारी को जमानत प्रदान करने का आदेश जारी किया। जमानत मिलने के बाद उनके समर्थकों ने राहत की सांस ली है, वहीं कुछ सामाजिक संगठनों में नाराजगी अब भी बनी हुई है।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि मामले की जांच जारी रहेगी, और आगे की कानूनी कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर तय की जाएगी। ज्योति अधिकारी की ओर से पैरवी कर रहे अधिवक्ता जितेंद्र सिंह बिष्ट, गौरव कपूर और किरन पंत ने बताया कि जमानत के लिए मजबूत कानूनी तर्क प्रस्तुत किए गए, जिन्हें अदालत ने स्वीकार कर लिया। अब अगली सुनवाई और जांच रिपोर्ट के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।

उत्तराखंड