खबरें शेयर करें -

“मंज़िल की आहट आई है, कारवां अभी जारी है…”
25 फरवरी की कैबिनेट में पहुंचेगा बिंदुखत्ता राजस्व ग्राम प्रस्ताव, आज प्रस्तावित महारैली के बीच आई बड़ी खबर!
दर्पण न्यूज 24/7 लालकुआं।
बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम का दर्जा दिलाने की वर्षों पुरानी मांग अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचती दिखाई दे रही है। 25 फरवरी को प्रस्तावित राज्य कैबिनेट बैठक में बिंदुखत्ता राजस्व ग्राम का प्रस्ताव लाया जाएगा। यह निर्णय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में मुख्य सचिव आनंद वर्धन की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में लिया गया।
बैठक में प्रस्ताव के विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए, ताकि प्रस्ताव को प्रभावी रूप से कैबिनेट के समक्ष प्रस्तुत किया जा सके।
लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने बताया कि मुख्य सचिव ने स्पष्ट कहा है कि प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर देरी न हो और सभी विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें। बैठक में प्रमुख सचिव वन आर. के. सुधांशु, सचिव वन सी. रविशंकर, हॉफ रंजन कुमार मिश्रा, अपर सचिव राजस्व आनंद श्रीवास्तव, अपर सचिव वन कल्याणी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
साथ ही वरिष्ठ नेता कुंदन चुफाल, जगदीश पंत, भाजपा जिला उपाध्यक्ष नैनीताल प्रकाश आर्या, पूर्व अध्यक्ष युवा मोर्चा मनीष बोरा तथा पूर्व सैनिक कैप्टन सुंदर सिंह खनका भी बैठक में शामिल हुए।
इधर आज प्रस्तावित महारैली और धरना प्रदर्शन के बीच यह खबर सामने आने से क्षेत्र में उत्साह और उम्मीद का माहौल बन गया है। वर्षों से राजस्व ग्राम का दर्जा पाने की मांग को लेकर संघर्षरत जनता के लिए इसे एक बड़ी प्रगति के रूप में देखा जा रहा है।
विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम का दर्जा दिलाने का संकल्प लिया गया है और इसे हर हाल में पूरा किया जाएगा। उन्होंने दृढ़ता से कहा, “शुरू हमने किया है, पूरा भी हम ही करेंगे।”
अब निगाहें 25 फरवरी की कैबिनेट बैठक पर टिकी हैं, जहां इस प्रस्ताव पर अंतिम मुहर लगने की उम्मीद जताई जा रही है। यदि कैबिनेट से हरी झंडी मिलती है तो बिंदुखत्ता के विकास का एक नया अध्याय प्रारंभ होगा।

उत्तराखंड