खबरें शेयर करें -

देवभूमि की पहचान को त्रिशूल-डमरू का आशीर्वाद: रुद्रपुर में आज होगा ‘त्रिशूल चौक’ का लोकार्पण, ‘डमरू चौक’ का शिलान्यास!
रुद्रपुर। उत्तराखंड की देवभूमि पहचान को सशक्त करने की दिशा में रुद्रपुर नगर निगम ने महत्वपूर्ण पहल की है। शहर के प्रमुख इंदिरा चौक का नाम बदलकर अब ‘त्रिशूल चौक’ कर दिया गया है। नवनिर्मित त्रिशूल संरचना का लोकार्पण शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किया जाएगा। साथ ही डीडी चौक का नाम बदलकर ‘डमरू चौक’ रखा गया है, जहां डमरू चौक परियोजना का शिलान्यास भी किया जाएगा।
नगर निगम के महापौर विकास शर्मा ने बताया कि त्रिशूल चौक का विकास 21 लाख रुपये की लागत से किया गया है। निर्माण और स्थापना कार्य पूर्ण हो चुका है।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, त्रिशूल को फाइबर प्रबलित प्लास्टिक से बनाया गया है। इसकी ऊंचाई 14 फीट तथा चौड़ाई 10 फीट है। इसे शहर से होकर गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे बने कंक्रीट मंच पर स्थापित किया गया है।
डमरू चौक परियोजना को 24 लाख रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है और निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ होने की उम्मीद है।
महापौर ने बताया कि चौकों का नाम परिवर्तन और त्रिशूल व डमरू जैसे प्रतीकात्मक धार्मिक चिन्हों की स्थापना का उद्देश्य उत्तराखंड की देवभूमि पहचान को और मजबूत करना है। इससे रुद्रपुर से गुजरने वाले पर्यटकों और राहगीरों को शहर की विशिष्ट सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक छवि देखने को मिलेगी।

उत्तराखंड