ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने पर मंथन, नैनीताल दुग्ध संघ अध्यक्ष की भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात।
प्रमोद बमेटा ब्यूरोचीफ उत्तराखंड
दर्पण न्यूज 24/7
देहरादून लालकुआँ। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और दुग्ध उत्पादन व सहकारिता को नई ऊँचाइयों तक पहुंचाने को लेकर एक अहम बैठक हुई। उत्तराखंड सहकारी डेयरी फेडरेशन के निवर्तमान अध्यक्ष एवं प्रदेश के सबसे बड़े नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के अध्यक्ष ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से शिष्टाचार भेंट की।
मुलाकात के दौरान दुग्ध उत्पादन, किसानों की आय में वृद्धि, सहकारी व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से मंथन किया गया। नैनीताल दुग्ध संघ अध्यक्ष ने उत्तराखंड में दुग्ध सहकारिता की वर्तमान स्थिति, चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं से राष्ट्रीय अध्यक्ष को अवगत कराया।
इस अवसर पर नैनीताल दुग्ध संघ अध्यक्ष ने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष को उत्तराखंड की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से रूबरू कराते हुए विश्व प्रसिद्ध गोल्ज्यू देवता मंदिर और श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र नीम करौली धाम पधारने का सादर आमंत्रण भी दिया। उन्होंने कहा कि इन पावन स्थलों का दर्शन न केवल आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करता है, बल्कि स्थानीय ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पर्यटन को भी नई मजबूती देता है।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने ग्रामीण विकास में दुग्ध सहकारिता की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए किसानों और दुग्ध उत्पादकों के हित में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। यह भेंट राज्य की ग्रामीण अर्थव्यवस्था, दुग्ध क्षेत्र और सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर और सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
