दोस्ती पर झूठ पड़ा भारी: नैनीताल घूमने निकले जीजा-साले का सफर कालाढूंगी में मौत बन गया, चार की गई जान।
कालाढूंगी।
दोस्त से झूठ बोलकर ली गई कार में नैनीताल घूमने निकले जीजा-साले और उनके परिवार की खुशियों भरी यात्रा कालाढूंगी-बाजपुर हाईवे पर दर्दनाक हादसे में तब्दील हो गई। भीषण सड़क दुर्घटना में जीजा-साले समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
जानकारी के अनुसार सिहानी निवासी कार मालिक बिट्टू ने बताया कि उन्होंने करीब आठ माह पूर्व टाटा टियागो कार खरीदी थी। गुरुवार रात लगभग साढ़े 11 बजे पड़ोसी विवेक ने फोन कर बताया कि उसके पिता की तबीयत अचानक खराब है और उन्हें अस्पताल ले जाना है। आपात स्थिति समझकर बिट्टू ने बिना किसी संदेह के कार दे दी।
लेकिन बाद में सामने आया कि विवेक अपने जीजा-साले और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ नैनीताल घूमने की योजना बनाकर निकला था। कार में दो बच्चों समेत कुल सात लोग सवार थे। शुक्रवार सुबह कालाढूंगी-बाजपुर हाईवे पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई।
हादसे में कार सवार जीजा-साले की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो बच्चों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। तीन अन्य घायलों को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
स्थानीय लोगों और पुलिस के अनुसार झूठ बोलकर कार मांगे जाने से प्रतीत होता है कि नैनीताल घूमने का प्लान पहले से ही सुनियोजित था। आशंका जताई जा रही है कि कार लौटाने की जल्दबाजी और तेज रफ्तार हादसे का कारण बनी।
शुक्रवार सुबह पुलिस से दुर्घटना की सूचना मिलने पर कार मालिक के होश उड़ गए। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि झूठ और लापरवाही किस तरह पल भर में कई जिंदगियों को निगल सकती है।
