खबरें शेयर करें -

2027 में यूपी में फिर गूंजेगा हाथी का परचम!
सभी चुनाव अकेले लड़ेगी बसपा, पांचवीं बार सरकार बनाने का मायावती का बड़ा ऐलान!
दर्पण न्यूज 24/7ब्यूरो लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने बड़ा राजनीतिक ऐलान करते हुए कहा है कि पार्टी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 सहित देश में होने वाले सभी छोटे-बड़े चुनाव अपने दम पर लड़ेगी। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि किसी भी चुनाव में किसी भी पार्टी से कोई गठबंधन नहीं किया जाएगा।
लखनऊ में अपने 70वें जन्मदिन के अवसर पर आयोजित पत्रकार वार्ता में बसपा सुप्रीमो ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता एक बार फिर बसपा को सत्ता सौंपने का मन बना चुकी है और 2027 में पूर्ण बहुमत के साथ बसपा की पांचवीं सरकार बनेगी।
मायावती ने भाजपा, कांग्रेस समेत अन्य दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि ये पार्टियां जातिवादी राजनीति और हथकंडों के जरिए जनता को गुमराह कर रही हैं, लेकिन बसपा इन सभी का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है।
उन्होंने कहा,
“भविष्य में गठबंधन पर तभी विचार होगा, जब यह भरोसा हो जाए कि सहयोगी दलों के विशेषकर अगड़ी जातियों के वोट बसपा को स्थानांतरित होंगे। इसमें वर्षों भी लग सकते हैं।”
ईवीएम को लेकर मायावती ने आशंका जताते हुए कहा कि पिछले चुनावों की तरह इस बार भी ईवीएम में धांधली की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता, इसके बावजूद बसपा पूरी मजबूती से चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि देशभर में ईवीएम के विरोध की आवाज तेज हो रही है और एक दिन यह सिस्टम विफल होगा, तब सच्चे नतीजे सामने आएंगे।
बसपा प्रमुख ने पूर्ववर्ती सरकारों पर आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी संस्थापक कांशीराम के निधन पर राष्ट्रीय शोक तक घोषित नहीं किया गया, जो बहुजन समाज के साथ अन्याय है। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज समेत अन्य वर्गों के साथ भी लगातार अन्याय हुआ है, जबकि बसपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में दंगे नहीं हुए और सभी समाजों का संतुलित विकास हुआ।
इससे पहले मायावती के जन्मदिन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।


 

उत्तराखंड