खबरें शेयर करें -

मुख्यमंत्री धामी ने ली वर्चुअल समीक्षा बैठक, जिलों में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने व पारदर्शिता लाने पर जोर।
सड़कों को गड्ढामुक्त कराने, फर्जी दस्तावेज़ों पर सख्त कार्रवाई और नशा उन्मूलन अभियान तेज करने के निर्देश।
रुद्रपुर, 17 नवंबर 2025 दर्पण न्यूज 24*7। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को जिलाधिकारियों व पुलिस अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर प्रदेश में कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों की व्यापक समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता लाते हुए आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान को प्राथमिकता दें।
मुख्यमंत्री धामी ने सभी जिलाधिकारियों को सड़कों को गड्ढामुक्त कराने के निर्देश देते हुए कहा कि अधिकारी स्वयं स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करें। उन्होंने फर्जी राशन कार्ड, आधार कार्ड, स्थायी निवास प्रमाण पत्र और आयुष्मान कार्ड बनवाने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
देवभूमि को ड्रग्स-फ्री बनाने पर जोर
सीएम ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जिला प्रशासन और पुलिस संयुक्त रूप से कार्रवाई तेज करें। शिक्षण संस्थानों और जनमानस को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।
अतिक्रमण और स्वच्छता पर सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री ने सरकारी भूमि पर अतिक्रमण को चिन्हित कर अभियान चलाने, नगर निकायों, कार्यालयों और सड़कों पर स्वच्छता को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही ठंड को देखते हुए सभी रैन बसेरों की तैयारियों तथा अलाव की व्यवस्था समय से पूर्ण करने को कहा।
स्थायी निवासी प्रमाण पत्रों की जांच के निर्देश
सीएम ने हाल में कुछ जिलों में फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से बाहरी लोगों के बसने के मामलों का संज्ञान लेते हुए पिछले तीन वर्षों में जारी स्थायी निवासी प्रमाण पत्रों की जांच के आदेश दिए। उन्होंने दोषियों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
सीमा पर सघन चेकिंग और सुरक्षा के ठोस उपाय
दिल्ली में हालिया घटना का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों की विशेष चेकिंग, सीमावर्ती क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी तथा बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों और धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश जारी किए।
जिलास्तरीय अधिकारियों की रिपोर्ट
जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने बताया कि जनपद में राशन कार्ड व विभिन्न प्रमाण पत्रों का सत्यापन तेजी से जारी है तथा अपात्र लोगों के कार्ड निरस्त किए जा रहे हैं। सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने, जनसुनवाई और तहसील दिवसों को प्रभावी बनाने हेतु रोस्टर के अनुसार काम किया जा रहा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने जानकारी दी कि जनपद की सीमाओं व मुख्य मार्गों पर नियमित चेकिंग की जा रही है। शहर के प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी बढ़ाई गई है तथा नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय तथा कौस्तुभ मिश्र भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

उत्तराखंड