खबरें शेयर करें -

अग्निपथ के खिलाफ लालकुआ में कांग्रेस पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ की हुंकार, 24 दिसंबर को शहीद स्मारक पर विशाल जनसभा।

लालकुआँ।
उत्तराखंड कांग्रेस पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ की ओर से आगामी 24 दिसंबर को लालकुआँ विधानसभा क्षेत्र के बिंदुखत्ता स्थित शहीद स्मारक पर अग्निवीर/अग्निपथ योजना के विरोध में विशाल जनसभा एवं प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। जनसभा को लेकर पूरे विधानसभा क्षेत्र में व्यापक हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है।

आयोजित होने वाली इस जनसभा एवं विरोध प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश, किच्छा विधायक तिलक राज बहेड़, कांग्रेस पूर्व सैनिक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी, पूर्व कैबिनेट मंत्री हरीश चन्द्र दुर्गापाल सहित कई पूर्व सैनिक, कांग्रेस नेता और भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे।

इधर, रैली को सफल बनाने के लिए कांग्रेस पूर्व सैनिक विभाग के जिला अध्यक्ष कुंदन मेहता ने बुधवार को वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक कर तैयारियों को लेकर विचार-विमर्श किया। इस दौरान कुंदन मेहता ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सरकार ने अव्यवहारिक अग्निपथ योजना लागू कर देश की सैन्य शक्ति को कमजोर किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अग्निवीर और नियमित सैनिकों के बीच भेदभाव कर अग्निवीरों के साथ अन्याय किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि अग्निवीर के शहीद होने या सेवानिवृत्ति पर पेंशन, ग्रेच्युटी और शहीद का दर्जा नहीं मिलेगा। साथ ही सेवा अवधि के दौरान महंगाई भत्ता, मिलिट्री सर्विस पे और पूर्ण चिकित्सा सुविधाओं से भी उन्हें वंचित रखा गया है। इस योजना से उत्तराखंड में रोजगार संकट खड़ा हुआ है और सेना भर्ती को लेकर युवाओं का उत्साह कम हुआ है। उन्होंने इसे देश की सुरक्षा के लिए घातक बताया।

कुंदन मेहता ने कहा कि अग्निवीर योजना के खिलाफ कांग्रेस की लड़ाई सदन से सड़क तक जारी रहेगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर विशाल जनसभा को सफल बनाएं। बैठक में कांग्रेस नेता लक्ष्मण धपोला भी मौजूद रहे।

उत्तराखंड