भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और अपराध पर कांग्रेस का महाघोष
तीन माह का जनजागरण अभियान, 16 फरवरी को लोकभवन घेराव का ऐलान!
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो | देहरादून
प्रदेश में बढ़ते भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महिला अपराध और प्रशासनिक अराजकता के खिलाफ कांग्रेस ने निर्णायक संघर्ष का बिगुल फूंक दिया है। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में हुई शीर्ष नेताओं की अहम बैठक के बाद कांग्रेस ने आगामी तीन माह तक राज्यव्यापी जनजागरण अभियान चलाने और 16 फरवरी को लोकभवन के घेराव का ऐलान किया।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, चुनाव अभियान समिति अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंध समिति अध्यक्ष हरक सिंह रावत, सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा एवं मनोज यादव शामिल रहे। बैठक के उपरांत सभी नेताओं ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला।
कांग्रेस नेताओं ने एक स्वर में कहा कि उत्तराखंड आज भ्रष्टाचार, महिला अपराध, बेरोजगारी और प्रशासनिक अराजकता के सबसे बुरे दौर से गुजर रहा है। भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल में रिकॉर्ड तोड़ भ्रष्टाचार, उत्पीड़न, अन्याय, अव्यवस्था और नौकरियों की खुली बंदरबांट को ही अपनी पहचान बना लिया है। सरकार जनता के प्रति जवाबदेह होने के बजाय सत्ता के संरक्षण में भ्रष्टाचारियों को बचाने में जुटी है।
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस मुख्य विपक्षी दल होने के नाते जनविरोधी नीतियों के खिलाफ हर मोर्चे पर संघर्ष करेगी। आगामी तीन महीनों तक चलने वाले जनजागरण अभियान में युवा, महिला, किसान, कर्मचारी और बेरोजगारों को जोड़ा जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने सत्ता को लूट, झूठ और दमन का औजार बना दिया है और मुख्यमंत्री मूकदर्शक बने हुए हैं।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि भाजपा सरकार की विफलता अब हर घर तक पहुंच चुकी है। किसान आत्महत्या कर रहे हैं और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। कांग्रेस सड़कों से लेकर सदन तक जनता की आवाज़ को मजबूती से उठाएगी। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड से लेकर नौकरियों की बंदरबांट तक हर मामले में सरकार का चेहरा बेनकाब हुआ है और भाजपा का डबल इंजन उत्तराखंड के लिए डबल अत्याचार बन चुका है।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि भाजपा सरकार ने उत्तराखंड की अस्मिता, संसाधनों और युवाओं के भविष्य के साथ विश्वासघात किया है। कांग्रेस अब चुप नहीं बैठेगी। उन्होंने पार्टी के वर्तमान नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि यह नेतृत्व साहस, संवेदनशीलता और संघर्ष का प्रतीक है। साथ ही अंकिता भंडारी हत्याकांड को प्रभावी ढंग से उठाने के लिए प्रदेश नेतृत्व को बधाई दी।
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि आगामी तीन महीनों में भाजपा सरकार की हर नाकामी को जनता के सामने उजागर किया जाएगा और 16 फरवरी को लोकभवन घेराव के जरिए सरकार को सीधे जवाब देने के लिए मजबूर किया जाएगा।
