सीएम आवास में उड़े अबीर-गुलाल, लोक संस्कृति के रंगों में सराबोर हुआ खटीमा!
मां बिशना देवी ने मुख्यमंत्री को लगाया होली का टीका, महिला होल्यारों संग झूमे सीएम धामी!
दर्पण न्यूज 24/7 खटीमा। रंग, उल्लास और पारम्परिक लोकसंस्कृति की मधुर धुनों के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निजी आवास नगरा तराई में होली उत्सव पूरे हर्षोल्लास एवं पारंपरिक गरिमा के साथ मनाया गया। मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित होली मिलन समारोह में अबीर-गुलाल उड़ते ही पूरा वातावरण रंगोत्सव की खुशियों से सराबोर हो उठा।
इस भावनात्मक अवसर पर मुख्यमंत्री की माता बिशना देवी ने पुत्र को होली का टीका लगाकर आशीर्वाद दिया, जिसने आयोजन को पारिवारिक आत्मीयता और भारतीय परंपराओं की मधुर संवेदना से भर दिया। मुख्यमंत्री धामी ने सपरिवार उपस्थित होल्यारों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों का स्वागत करते हुए प्रदेशवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में हिन्दी, कुमाऊंनी, थारू तथा बंगाली लोक परंपराओं पर आधारित होली गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। महिला होल्यारों की मधुर लोकधुनों पर स्वयं मुख्यमंत्री धामी भी रंगों और संगीत की मस्ती में झूमते नजर आए, जिससे पूरा परिसर उत्साह और अपनत्व से गूंज उठा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार काशीपुर स्थित चौती मंदिर को मानसखंड कॉरिडोर से जोड़कर इसे एक प्रमुख सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनता के सहयोग और आशीर्वाद से क्षेत्र को स्वच्छ, समृद्ध और विकसित बनाने का संकल्प अवश्य पूर्ण होगा।
होली मिलन समारोह में विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, शिव अरोरा, मेयर दीपक बाली, रुद्रपुर मेयर विकास शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पारंपरिक व्यंजनों, विशेष रूप से गुजिया का आनंद लेते हुए सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश भी दिया गया।
रंगों, लोकगीतों और सांस्कृतिक एकता से सजा यह आयोजन उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विविधता में एकता की भावना का जीवंत उदाहरण बन गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं आपसी प्रेम-सौहार्द की कामना करते हुए सामाजिक सद्भाव को और मजबूत करने का आह्वान किया।
