खबरें शेयर करें -

आरटीओ चालान के नाम पर साइबर अटैक, हल्द्वानी के कारोबारी से 23 लाख की डिजिटल डकैती
व्हाट्सएप पर आई फर्जी एपीके फाइल ने किया मोबाइल हैक, एफडी तुड़वाकर 12 ट्रांजेक्शन में उड़ाई रकम।

रुद्रपुर। आरटीओ चालान के नाम पर व्हाट्सएप से भेजी गई फर्जी एपीके फाइल के जरिए साइबर ठगों ने हल्द्वानी के एक कारोबारी से करीब 22.93 लाख रुपये की ठगी कर ली। एपीके फाइल इंस्टॉल करते ही कारोबारी का मोबाइल फोन पूरी तरह हैक हो गया और ठगों ने फोन का कंट्रोल हासिल कर ई-मेल आईडी बदलते हुए बैंक खाते से लाखों रुपये उड़ा लिए। पीड़ित की तहरीर पर साइबर क्राइम थाना पंतनगर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पीड़ित कारोबारी उमेश कुमार वार्ष्णेय निवासी जज फार्म, हल्द्वानी ने बताया कि उनका बरेली रोड स्थित एक बैंक शाखा में बचत खाता है। 9 दिसंबर को उनके व्हाट्सएप पर आरटीओ चालान के नाम से एक एपीके फाइल आई, जिसे अनजाने में उन्होंने इंस्टॉल कर लिया। इसके बाद मोबाइल हैक हो गया।

14 दिसंबर की शाम उनके मोबाइल पर लगातार ओटीपी और संदिग्ध मैसेज आने लगे, जिन्हें उन्होंने सामान्य समझकर नजरअंदाज कर दिया। कुछ देर बाद खाते से रुपये कटने के संदेश आने पर साइबर ठगी की आशंका हुई। तत्काल बैंक कस्टमर केयर से संपर्क कर खाता लॉक कराया गया।

अगले दिन बैंक स्टेटमेंट देखने पर चौंकाने वाला खुलासा हुआ। खाते से जुड़ी 21 लाख रुपये की एफडी को 11 दिसंबर को अज्ञात व्यक्ति ने तुड़वाकर ब्याज सहित 21 लाख 83 हजार 855 रुपये अन्य खाते में ट्रांसफर कर दिए। इसके अलावा खाते में पहले से मौजूद 1 लाख 10 हजार रुपये जोड़कर कुल 22 लाख 93 हजार 855 रुपये की रकम 12 अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए लगभग पूरी तरह निकाल ली गई। यह लेन-देन 12 से 14 दिसंबर के बीच किया गया।

साइबर क्राइम थाना पंतनगर प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है और ठगों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।

उत्तराखंड