खबरें शेयर करें -

काशीपुर में नशे के नेटवर्क पर करारा प्रहार, ट्रांसपोर्ट से 1.32 करोड़ के 43,950 नशीले इंजेक्शन बरामद

खबर: दर्पण न्यूज 24/7
काशीपुर। कोतवाली पुलिस, एसओजी तथा फूड सेफ्टी एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एफएसडीए) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रांसपोर्ट के जरिए मंगाई गई नशीले इंजेक्शनों की भारी खेप पकड़ी है। बरामद इंजेक्शनों की अनुमानित खुदरा कीमत करीब 01 करोड़ 32 लाख रुपये आंकी गई है।

मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना पर कोतवाली काशीपुर पुलिस एवं एसओजी की संयुक्त टीम ने सेफ एक्सप्रेस ट्रांसपोर्ट, दड़ियाल रोड, टांडा उज्जैन में चेकिंग अभियान चलाया। तलाशी के दौरान ट्रांसपोर्ट में रखी संदिग्ध पेटियों से 43,950 नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए।

मौके पर पहुंचे वरिष्ठ औषधि निरीक्षक नीरज कुमार एवं औषधि निरीक्षक निधि शर्मा ने इंजेक्शनों की औषधीय संरचना और वैधानिक स्थिति की गहन जांच की। जांच में स्पष्ट हुआ कि बरामद दोनों दवाएं कंट्रोल्ड ड्रग्स की श्रेणी में आती हैं, जिनका परिवहन केवल लाइसेंस प्राप्त इकाइयों द्वारा ही किया जा सकता है। मौके पर विधिवत इन्वेंट्री रिपोर्ट तैयार की गई।

पुलिस जांच में सामने आया कि यह खेप कोतवाली काशीपुर में दर्ज एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/21/22/60/29 के तहत वांछित फरार अभियुक्त रिपुल चौहान पुत्र रक्षपाल सिंह, निवासी ग्राम नजीमपुर, पोस्ट जलालाबाद, थाना नजीबाबाद, जिला बिजनौर (हाल निवासी वार्ड संख्या-13, कविनगर, काशीपुर) द्वारा मंगाई गई थी। अभियुक्त के खिलाफ नियमानुसार मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

इस कार्रवाई में एफएसडीए की ओर से वरिष्ठ औषधि निरीक्षक नीरज कुमार, औषधि निरीक्षक निधि शर्मा तथा पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी हरेन्द्र सिंह चौधरी, वरिष्ठ उप निरीक्षक के.सी. आर्य, उप निरीक्षक सुनील सुतेड़ी (प्रभारी एसओजी), उप निरीक्षक हेम चंद्र तिवारी, मनोज सिंह धौनी, गिरीश चंद्र, हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार, विनय कुमार और दीपक कुमार शामिल रहे।

👉 पुलिस की इस बड़ी सफलता को नशे के अवैध कारोबार पर अब तक की सबसे कड़ी चोट माना जा रहा है।

उत्तराखंड