खबरें शेयर करें -

विकास प्राधिकरण की कार्यशैली से उबाल, नोटिसों के खिलाफ सड़क से प्रशासन तक जाने की तैयारी!

निजी मकानों व गौशालाओं को व्यावसायिक बताकर भेजे जा रहे नोटिस, रामनगर टैक्स बार का तीखा विरोध!

दर्पण न्यूज 24/7 के लिए संवाददाता करन तिवारी की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट।

रामनगर।

विकास प्राधिकरण की कार्रवाई को लेकर रामनगर क्षेत्र में असंतोष गहराता जा रहा है। लगातार जारी हो रहे नोटिसों और नक्शा पास कराने की जटिल प्रक्रिया के खिलाफ रामनगर टैक्स बार ने शनिवार को एक निजी रिसॉर्ट में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर कड़ा ऐतराज जताया। बैठक में टैक्स बार पदाधिकारियों के साथ सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

टैक्स बार अध्यक्ष पूरन पाण्डेय को ग्रामीणों ने बताया कि विकास प्राधिकरण की कार्रवाई से आम लोग गहरे मानसिक तनाव में हैं। निजी आवासों और गौशालाओं जैसे घरेलू निर्माणों पर भी नोटिस भेजे जा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी और भ्रम की स्थिति बन गई है।

टैक्स बार उपसचिव मनु अग्रवाल ने कहा कि विकास प्राधिकरण की मौजूदा कार्यप्रणाली संदेह के घेरे में है। ग्रामीण वर्षों से अपनी पारंपरिक आवश्यकताओं के अनुसार छोटे स्तर पर निर्माण करते आ रहे हैं, लेकिन अब हर निर्माण को व्यावसायिक मानकर कार्रवाई की जा रही है, जो न तो तर्कसंगत है और न ही जनहित में।

सचिव गौरव गोला ने स्पष्ट किया कि होटल, रिज़ॉर्ट और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए नक्शा पास कराना पूरी तरह उचित है, लेकिन निजी आवासों, गौशालाओं और घरेलू निर्माणों पर प्राधिकरण की कार्रवाई आम जनता के साथ अन्याय है।

उपाध्यक्ष फिरोज अंसारी ने कहा कि ग्रामीण पहले ही आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहे हैं, ऐसे में नोटिस भेजकर उन्हें परेशान करना दुर्भाग्यपूर्ण है। यह नीति जनविरोधी है और इसे तत्काल बदला जाना चाहिए।

बैठक में मौजूद टैक्स बार सदस्य बलविंदर कोहली और विशाल रस्तोगी ने बताया कि शीघ्र ही टैक्स बार का प्रतिनिधिमंडल कुमाऊं आयुक्त से मुलाकात कर पूरे मामले से अवगत कराएगा। साथ ही मांग रखी जाएगी कि निजी आवासों और गौशालाओं को व्यावसायिक निर्माण की श्रेणी से बाहर रखा जाए।

अन्य सदस्यों मनोज बिष्ट, भोपाल रावत और विशाल रस्तोगी ने कहा कि टैक्स बार ग्रामीणों को इस अनावश्यक परेशानी से निजात दिलाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगा और इस मुद्दे को प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा।

बैठक में पूरन पाण्डेय, मनु अग्रवाल, गौरव गोला, मनोज बिष्ट, गुलरेज रजा, फिरोज अंसारी, विशाल रस्तोगी, भोपाल रावत सहित टैक्स बार के कई सदस्य और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

उत्तराखंड