हल्दूचौड़ के जयपुर बीसा निवाशी कृपाल सिंह उर्फ ‘सोनू’ समेत 5 शातिर अपराधियों पर जिला बदर की कार्यवाही, हवाई फायरिंग करने वाले का शस्त्र लाइसेंस रद्द।
(दर्पण न्यूज 24/7 एक्सक्लूसिव)
नैनीताल। हल्दूचौड़ के जयपुर बीसा निवासी कृपाल सिंह उर्फ सोनू समेत जनपद के कुख्यात अपराधियों पर जिला प्रशासन ने सख्त शिकंजा कस दिया है। कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जिला मजिस्ट्रेट ललित मोहन रयाल के आदेश पर विभिन्न आपराधिक मामलों में संलिप्त पांच बदमाशों को छह माह के लिए जिला बदर कर दिया गया है। आदेश के तहत ये सभी आरोपी आगामी छह महीने तक जनपद की सीमा में प्रवेश नहीं कर सकेंगे।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार जिला बदर किए गए आरोपियों में थाना मुखानी क्षेत्र का तपन दास (आईपीसी व आयुध अधिनियम के मुकदमे), कालाढूंगी थाना क्षेत्र का राकेश कुमार (एनडीपीएस एक्ट के चार प्रकरण), रामनगर थाना क्षेत्र का योगेश सागर (आबकारी अधिनियम, आईपीसी, गैंगस्टर एक्ट व आर्म्स एक्ट), लालकुआं थाना क्षेत्र के जयपुर बीसा (हल्दूचौड़) निवासी कृपाल सिंह उर्फ सोनू, तथा धौला-बाजपुर क्षेत्र के विजय कुमार आर्य शामिल हैं। पुलिस रिपोर्ट और उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर सभी को “गुंडा” घोषित करते हुए निष्कासन की कार्रवाई की गई है।
इसी क्रम में कानून को ठेंगा दिखाने वालों पर एक और कड़ी कार्रवाई की गई। थाना कालाढूंगी क्षेत्र के परमपुर धमोला निवासी बहादुर सिंह बिष्ट द्वारा रिसोर्ट गेट पर हवाई फायरिंग कर ड्यूटी पर तैनात गार्ड व रिसेप्शन कर्मियों से अभद्रता करने के मामले में जिला मजिस्ट्रेट ने उसका शस्त्र लाइसेंस निरस्त कर दिया है। प्रशासन का कहना है कि इस घटना से सार्वजनिक शांति व सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका पैदा हुई थी।
प्रशासन ने साफ शब्दों में चेताया है कि जनपद में अपराध, नशा तस्करी और अवैध हथियारों से जुड़े मामलों में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। आगे भी ऐसी ही धाकड़ कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि आमजन में सुरक्षा का भरोसा और अपराधियों में कानून का भय बना रहे।
