खबरें शेयर करें -

हल्द्वानी: भवन मानचित्रों के निस्तारण में लापरवाही पर जिलाधिकारी ने दिखाई सख्ती

हल्द्वानी। जिलाधिकारी एवं जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ललित मोहन रयाल ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विकास प्राधिकरण की समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिलाधिकारी ने भवन मानचित्रों के निस्तारण में तेजी लाने और पारदर्शिता बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि भवन मानचित्रों, विशेष रूप से आवासीय भवनों के मामलों में अनावश्यक आपत्तियां न लगाई जाएं और निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि स्वीकृत मानचित्रों के सापेक्ष यदि किसी स्थल पर राजकीय भूमि में अतिक्रमण का मामला सामने आता है, तो संबंधित अवर अभियंता एवं सहायक अभियंता की जवाबदेही तय की जाएगी और उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि भवन मानचित्रों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अभियंताओं की सेवा समाप्ति तक की कार्यवाही की जा सकती है।

रयाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार किया जाए और किसी भी फरियादी को बिना समाधान के वापस न भेजा जाए। साथ ही प्राधिकरण स्तर से पार्किंग, जनसुविधा और अवस्थापना विकास कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश भी दिए।

बैठक के दौरान गौलापार में गौशाला निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए लापरवाही पर संबंधित क्षेत्र के अभियंताओं से स्पष्टीकरण मांगा गया।

बैठक में सचिव विकास प्राधिकरण विजयनाथ शुक्ल, सहायक अभियंता सुधांशु सिंह, शिवम धीमान, अभिषेक कुमार और अवर अभियंता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

(दर्पण न्यूज़ 24×7 संवाददाता – प्रमोद बमेटा)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *