खबरें शेयर करें -

अल्मोड़ा में तेंदुए की दहशत, जोशी खोला–थपलिया में बढ़ी निगरानी।
वन विभाग अलर्ट, रात में गश्त तेज, पिंजरा लगाने की तैयारी।

अल्मोड़ा।

अल्मोड़ा नगर क्षेत्र के जोशी खोला और थपलिया इलाके में बीते दो–तीन दिनों से तेंदुए की सक्रियता से दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने तेंदुए को लगातार घूमते हुए देखा है, जिसका वीडियो भी सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्रवासियों में भय व्याप्त है और लोग रात के समय घरों से निकलने से बच रहे हैं।

गांधी पार्क वार्ड के पार्षद एडवोकेट दीपक कुमार जोशी ने इस संबंध में सामाजिक कार्यकर्ता संजय पाण्डे को जानकारी दी। सूचना मिलते ही संजय पाण्डे ने वन विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर प्रभावित क्षेत्रों में नियमित गश्त, पुलिस के माध्यम से मुनादी कराने और तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाए जाने की मांग की।

प्रभागीय वनाधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि रात्रि के समय वन विभाग की टीम द्वारा प्रभावित इलाकों में लगातार गश्त की जा रही है। स्थिति का आकलन कर आवश्यकतानुसार पिंजरा भी लगाया जाएगा।

इधर, पार्षद एड. दीपक कुमार जोशी और सामाजिक कार्यकर्ता संजय पाण्डे ने संयुक्त रूप से क्षेत्रवासियों से अपील की है कि रात्रि में अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें, बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग या पुलिस को दें। उन्होंने प्रशासन से भी जनसुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए त्वरित और ठोस कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल वन विभाग की टीम मौके पर मौजूद है और क्षेत्र में नियमित गश्त जारी है।

उत्तराखंड