खबरें शेयर करें -

कानून व्यवस्था से लेकर नशा तस्करों पर प्रहार तक, शंकर नयाल ने छोड़ी अलग छाप!
कार्यकुशलता पर कप्तान मंजूनाथ टीसी ने भी किया सम्मानित, तबादले पर क्षेत्रवासियों ने जताया अपनापन!
दर्पण न्यूज 24/7 हल्दूचौड़। हल्दूचौड़ पुलिस चौकी प्रभारी शंकर नयाल का तबादला होने पर क्षेत्रवासियों में खासा अपनापन और चर्चा का माहौल देखने को मिल रहा है। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के साथ ही नशे के खिलाफ लगातार प्रभावी अभियान चलाकर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई।
चौकी प्रभारी के रूप में तैनाती के दौरान शंकर नयाल ने अवैध शराब, स्मैक तथा अन्य मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कई बड़ी कार्यवाहियों को अंजाम दिया। उनके नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा चलाए गए अभियानों से नशा तस्करों में लगातार भय का माहौल बना रहा।
क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और जन समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर भी उनकी कार्यशैली को सराहा गया। आमजन से बेहतर संवाद और संवेदनशील पुलिसिंग के चलते उन्होंने लोगों के बीच भरोसेमंद अधिकारी की छवि बनाई।
उनकी उत्कृष्ट कार्यकुशलता और बेहतर पुलिसिंग को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल मंजूनाथ टीसी द्वारा भी उन्हें सम्मानित किया जा चुका है। विभागीय स्तर पर मिले इस सम्मान को उनकी कार्यशैली और कर्तव्यनिष्ठा का प्रमाण माना जाता है।
व्यापार मंडल पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों ने उनके कार्यकाल को यादगार बताते हुए कहा कि शंकर नयाल ने अपनी कार्यशैली से लोगों के दिलों में खास जगह बनाई। उनके तबादले की सूचना के बाद क्षेत्र में उन्हें शुभकामनाएं देने वालों का तांता लगा रहा।
क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई कि जिस तरह उन्होंने हल्दूचौड़ में कानून व्यवस्था को मजबूत किया, उसी तरह नई तैनाती स्थल पर भी अपनी कार्यकुशलता की छाप छोड़ेंगे।

उत्तराखंड