रंगों, संगीत और खुशियों के संग कंट्री किड्स स्कूल में मना भव्य होली उत्सव!
दर्पण न्यूज 24/7 किच्छा। कंट्री किड्स स्कूल में होली पर्व हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। स्कूल प्रबंधन द्वारा आयोजित भव्य होली उत्सव में विद्यार्थियों के साथ उनके अभिभावक एवं परिजन बड़ी संख्या में शामिल हुए। विद्यालय परिसर रंगों, उमंग और खुशियों से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम के दौरान अभिभावकों एवं बच्चों के लिए विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया। बच्चों और अभिभावकों ने संयुक्त रूप से नृत्य एवं संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिन पर उपस्थित लोगों ने जमकर तालियां बजाईं। आयोजन में पारिवारिक सौहार्द, सांस्कृतिक एकता और उत्सवी माहौल विशेष रूप से देखने को मिला।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या विधि बिष्ट ने सभी अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान कुमाऊँनी पारंपरिक व्यंजनों से युक्त विशेष जलपान की व्यवस्था भी की गई, जिससे स्थानीय संस्कृति और खान-पान की झलक देखने को मिली।
पूरा आयोजन हंसी-खुशी, रंगों और आपसी भाईचारे के वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
