खबरें शेयर करें -

हाथी दांत तस्करी का भंडाफोड़, एसटीएफ ने दो तस्करों को किया गिरफ्तार!

सितारगंज क्षेत्र से 1.5 करोड़ कीमत का हाथी दांत बरामद!

दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो देहरादून। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। टीम ने उधमसिंह नगर जिले के सितारगंज क्षेत्र स्थित बराकोली रेंज, कल्याणपुर में संयुक्त अभियान चलाकर करीब 7 किलो 820 ग्राम वजनी हाथी दांत बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1.5 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।

एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि राज्य में वन्यजीवों के अंगों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में एसटीएफ को सितारगंज क्षेत्र में हाथी दांत की तस्करी की सूचना मिली थी। इस सूचना को स्थानीय स्तर पर विकसित करते हुए कुमाऊं यूनिट और वन विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से देर रात चेकिंग अभियान चलाया।

अभियान के दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ा गया, जिनके कब्जे से एक हाथी दांत बरामद हुआ। बरामद दांत की लंबाई लगभग 3 फीट 3 इंच और गोलाई 13 इंच है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मरतुन्जय हलदार (32) और माणिक मंडल (35) के रूप में हुई है, जो शक्तिफार्म, सितारगंज के निवासी हैं।

एसएसपी ने बताया कि हाथी दांत और इससे जुड़े अंग वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की पहली अनुसूची में आते हैं, जिनका शिकार और व्यापार गंभीर अपराध है। आरोपियों के खिलाफ बराकोली रेंज में वन्यजीव अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर एसटीएफ अब इस तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में और भी लोगों की संलिप्तता सामने आ सकती है।

एसटीएफ ने आम जनता से अपील की है कि यदि कहीं वन्यजीव तस्करी से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या एसटीएफ को सूचित करें। टीम ने उक्त तस्करों से एक हाथी दांत (वजन 7.820 किलोग्राम) मोटरसाइकिल (बजाज प्लेटीना) बरामद की है।

इस कार्रवाई में एसटीएफ और वन विभाग की टीम ने समन्वय के साथ काम करते हुए तस्करों को पकड़ने में सफलता हासिल की, जिसकी अधिकारियों ने सराहना की है।कार्रवाई में शामिल टीम में एसटीएफ के निरीक्षक विकास चौधरी, उपनिरीक्षक विपिन चंद्र जोशी, उपनिरीक्षक कृष्ण गोपाल मठपाल, हेड कांस्टेबल महेंद्र गिरी, हेड कांस्टेबल किशोर कुमार, हेड कांस्टेबल मनोज बबाड़ी, कांस्टेबल जितेंद्र कुमार एवं तकनीकी सहयोगी कृष्ण चंद्र शर्मा।
वन विभाग बराकोली रेंज के वन क्षेत्राधिकारी कैलाश चंद्र गुणवंत, बीट अधिकारी जगदीश चंद्र पंत, ललित चंद्र जोशी, सरजीत सिंह, फईम तथा वन आरक्षी सुरेश शामिल रहे।
संयुक्त टीम की भूमिका सराहनीय
इस कार्रवाई में एसटीएफ और वन विभाग की टीम ने समन्वय के साथ काम करते हुए तस्करों को पकड़ने में सफलता हासिल की, जिसकी अधिकारियों ने सराहना की है।