खबरें शेयर करें -

रांची में जुटेगा देशभर का पत्रकार नेतृत्व, फर्जी पत्रकारिता पर होगी बड़ी मंथन बैठक!
उत्तराखंड से संजय तलवार करेंगे प्रतिनिधित्व, बोले: “पत्रकारिता की साख बचाना आज सबसे बड़ी लड़ाई”!
दर्पण न्यूज 24/7 रांची।
झारखंड यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स के तत्वावधान में 31 जनवरी एवं 1 फरवरी को स्थानीय रांची प्रेस क्लब परिसर में दो दिवसीय राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के पहले दिन नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स के प्रमुख राष्ट्रीय नेताओं की अहम बैठक होगी, जिसमें देश में पत्रकारिता के समक्ष खड़ी चुनौतियों, राष्ट्रीय मुद्दों तथा यूनियन को और अधिक सशक्त बनाने पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा।
इस राष्ट्रीय बैठक में दिल्ली, हिमाचल, उत्तराखंड, उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, आंध्रप्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, उड़ीसा, त्रिपुरा, असम और बिहार सहित कई राज्यों के प्रमुख पदाधिकारी भाग लेंगे।
बैठक में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए यूनियन के मुख्य संरक्षक संजय तलवार शामिल होंगे। इस अवसर पर संजय तलवार ने कहा
“आज सबसे बड़ा खतरा फर्जी पत्रकारिता से है, जो न सिर्फ पत्रकारों की विश्वसनीयता को नुकसान पहुँचा रही है, बल्कि लोकतंत्र की जड़ों को भी कमजोर कर रही है। ऐसे में संगठित और जिम्मेदार पत्रकारिता को मजबूत करना समय की सबसे बड़ी जरूरत है।”
कार्यक्रम के दूसरे दिन झारखंड यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स का प्रदेश स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्य रूप से फर्जी पत्रकारिता से पत्रकार जगत को हो रहे नुकसान पर विस्तार से चर्चा होगी। सम्मेलन में यूनियन के पुनर्गठन, संगठनात्मक मजबूती और सक्रियता बढ़ाने को लेकर जिलों से आए सदस्य अपने-अपने सुझाव रखेंगे।
इस सम्मेलन में पलामू, लातेहार, चतरा, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, बोकारो, पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम सहित रांची जिले के विभिन्न अंचलों के पत्रकार बड़ी संख्या में भाग लेंगे। कार्यक्रम में राज्य के प्रमुख राजनेताओं को भी आमंत्रित किया गया है, जो अक्सर फर्जी पत्रकारिता की समस्या से जूझते रहे हैं।
दो दिवसीय यह आयोजन पत्रकार एकजुटता, पारदर्शिता और पत्रकारिता की साख को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

उत्तराखंड