खबरें शेयर करें -

छात्रों की युवा संसद में लोकतंत्र का जीवंत अभ्यास, प्रधानमंत्री-गृहमंत्री बने विद्यार्थियों ने विपक्ष के सवालों पर रखी बेबाक दलीलें!
दर्पण न्यूज 24/7

हल्द्वानी। राजनीति विज्ञान उत्कृष्टता केंद्र, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) भीमताल, नैनीताल के सौजन्य से पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज हल्द्वानी में आयोजित युवा संसद प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने संसदीय लोकतंत्र का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में राजकीय इंटर कॉलेज बनभूलपुरा की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त कर बाजी मारी, जबकि राजकीय इंटर कॉलेज हरिपुर जमन सिंह की टीम द्वितीय और राजकीय इंटर कॉलेज मोतीनगर की टीम तृतीय स्थान पर रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ हल्द्वानी के महापौर माननीय गजराज सिंह बिष्ट ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि युवा संसद प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक प्रणाली की व्यवहारिक समझ प्रदान करती हैं और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करती हैं। उन्होंने छात्रों से समसामयिक घटनाओं के प्रति सजग रहने का आह्वान करते हुए कहा कि जागरूक युवा ही मजबूत लोकतंत्र की नींव होते हैं।
प्रतियोगिता में विपक्षी सांसद बने विद्यार्थियों ने सड़कों की बदहाल स्थिति, महंगाई, बेरोजगारी, उत्तराखंड में पलायन, आवारा पशुओं की समस्या, महिला हिंसा और नई शिक्षा नीति जैसे ज्वलंत मुद्दों पर सरकार को तीखे सवालों के घेरे में लिया। वहीं प्रधानमंत्री, गृहमंत्री एवं अन्य मंत्री बने छात्रों ने तर्कपूर्ण और तथ्यात्मक उत्तर देकर सरकार का पक्ष मजबूती से रखा।
प्रतियोगिता में कुल 10 विद्यालयों की टीमों ने भाग लिया। विकासखंड स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम आगामी 10 फरवरी को भीमताल में आयोजित जिला स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेगी।
निर्णायक मंडल में शुभाष तिवारी, दीप्ति सुयाल एवं योगिता सिंह शामिल रहीं। विजेता टीमों को ट्रॉफी एवं मेडल प्रधानाचार्य राखी मठपाल एवं ब्लॉक समन्वयक निधि पांडे द्वारा प्रदान किए गए। कार्यक्रम का संचालन डॉ. सुरेश भट्ट ने किया।
इस अवसर पर ब्लॉक सह-समन्वयक राजेश पांडेय, विनय नैनवाल, मनोज कुमार, इला पांडे, गौरव सिंह, पवन पंत सहित अनेक शिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।