चलती रोडवेज बस में लगी आग, एसएसपी की सतर्कता से टला बड़ा हादसा!
दर्पण न्यूज 24/7 हल्द्वानी। नैनीताल-हल्द्वानी मार्ग पर बुधवार रात यात्रियों से भरी उत्तराखंड परिवहन निगम की एक रोडवेज बस में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार, अल्मोड़ा से दिल्ली जा रही बस (संख्या UK07PA6128) जब भोटिया पड़ाव के पास पहुंची, तभी उसके टायर के नीचे से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। चालक को इसकी जानकारी नहीं थी और बस आगे बढ़ रही थी। उसी दौरान पीछे से आ रहे एसएसपी की नजर बस पर पड़ी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने तत्काल अपनी गाड़ी से बस को ओवरटेक कर रुकवाया। बस रुकते ही उन्होंने पुलिस टीम के साथ मिलकर यात्रियों को बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि बस में सवार करीब 10 यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया गया।
मौके के पास स्थित पेट्रोल पंप से फायर एक्सटिंग्विशर मंगवाकर आग पर काबू पाया गया। साथ ही कंट्रोल रूम को सूचना देकर अतिरिक्त पुलिस बल भी मौके पर बुलाया गया।
समय रहते कार्रवाई होने से एक बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्री सुरक्षित हैं।
