लालकुआं क्षेत्र के इस अपराधी समेत नैनीताल के सात शातिर अपराधी छह माह के लिए जिला बदर, प्रशासन की बड़ी कार्रवाई।
दर्पण न्यूज 24/7 संवाददाता नैनीताल। जनपद में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर शिकंजा कसते हुए जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और अपराधियों में सख्त संदेश देने के उद्देश्य से जिला मजिस्ट्रेट की अदालत ने सात कुख्यात आरोपियों को छह माह के लिए जिला बदर कर दिया है। प्रशासन की इस कार्रवाई से अपराध जगत में हड़कंप मच गया है।
जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने बताया कि संबंधित आरोपियों के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में आबकारी अधिनियम, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, चोरी, मारपीट, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी और जुआ अधिनियम जैसे गंभीर मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता और जनशांति भंग करने की आशंका को देखते हुए गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत यह कार्रवाई की गई है।
जिला बदर किए गए आरोपियों में थाना लालकुआं क्षेत्र के शास्त्री नगर निवासी सुंदर बिष्ट उर्फ देवा, रामनगर के टेढ़ा रोड निवासी सूरज आर्य, मुखानी थाना क्षेत्र की कौशल कॉलोनी मल्ली बमौरी निवासी आनंद डसीला, बनभूलपुरा के जवाहर नगर निवासी बाबूराम, रामनगर की नई बस्ती गूलर घाटी निवासी जुबैर पुत्र कलुआ, गांधीनगर बनभूलपुरा निवासी कुणाल सोनकर तथा पप्पू का बगीचा निवासी रिजवान उर्फ मंत्री शामिल हैं।
प्रशासन के अनुसार इन सभी आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और इनकी गतिविधियां आमजन की सुरक्षा, शांति व्यवस्था तथा कानून व्यवस्था के लिए खतरा बन चुकी थीं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अपराध और असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई को लेकर आम जनता में राहत का माहौल है, वहीं पुलिस और प्रशासन ने इसे अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ा कदम बताया है।
