भ्रष्टाचार के खिलाफ हुंकार, पंतनगर में गरजे विधायक बेहड़ — “मजदूरों के हक़ की लड़ाई सड़क से सदन तक”
दर्पण न्यूज संवाददाता, पंतनगर।
क्षेत्रीय विधायक तिलकराज बेहड़ ने पंतनगर विश्वविद्यालय पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि संस्थान में भ्रष्टाचार की जड़ें गहरी हो चुकी हैं। अधिकारियों की लापरवाही के कारण कर्मचारियों और मजदूरों के हितों से जुड़े मुद्दे वर्षों से लंबित पड़े हैं।
झा कॉलोनी में आयोजित नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए विधायक बेहड़ ने कहा कि पंतनगर विवि में कार्यरत संविदा कर्मचारियों को वर्ष 2003 से अब तक स्थायी नियुक्ति नहीं मिल सकी है। साथ ही, पंतनगर इंटर कॉलेज को सरकारी दर्जा देने की मांग भी लंबे समय से अनदेखी का शिकार है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर गरीबों, मजदूरों और कर्मचारियों से जुड़े सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
विधायक निधि से क्षेत्रीय विकास कार्यों को निरंतर जारी रखने का भरोसा दिलाते हुए बेहड़ ने चेतावनी दी कि यदि कर्मचारियों की मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया, तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
सभा के दौरान एनसीसी के उत्कृष्ट छात्रों असलम अंसारी, लक्ष्मी पासवान और अब्दुल को शॉल ओढ़ाकर तथा पदक देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जुबैर खान, अहमद अंसारी, मुबारक अंसारी, हसन खान, मनोहर वाल्मीकि सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
