








केमिकल-फ्री दूध की मिसाल बना नैनीताल दुग्ध संघ
अध्यक्ष मुकेश बोरा को मिला ‘केमिकल फ्री मिल्क अवार्ड’!
दर्पण न्यूज 24/7 लालकुआँ।
नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड ने केमिकल-फ्री आँचल दूध एवं दुग्ध उत्पादों के माध्यम से शुद्ध और स्वास्थ्यवर्धक उत्पाद उपलब्ध कराने की दिशा में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। किसानों और पशुपालकों के हित में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों के लिए दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा को प्रतिष्ठित ‘केमिकल फ्री मिल्क अवार्ड’ से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ सांसद एवं केंद्रीय सड़क परिवहन राज्य मंत्री अजय टम्टा तथा न्यूज़ 18 उत्तराखंड के ब्यूरो चीफ संदीप चौधरी द्वारा प्रदान किया गया। सम्मान समारोह सरोवर नगरी नैनीताल स्थित रॉयल होटल में कुमाऊँ काउंसिल देवभूमि विकास द्वारा न्यूज़ 18 टीवी चैनल के विशेष कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित किया गया।
सम्मान ग्रहण करने के बाद मुकेश बोरा ने नैनीताल दुग्ध संघ से जुड़े सभी दुग्ध उत्पादकों, किसानों एवं पशुपालकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान संघ से जुड़े हर व्यक्ति की मेहनत और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संघ का मूल उद्देश्य किसानों के हितों की रक्षा करते हुए उपभोक्ताओं तक शुद्ध, गुणवत्तापूर्ण और रसायन-मुक्त दूध एवं दुग्ध उत्पाद पहुँचाना है, और इसी दिशा में भविष्य में भी लगातार प्रयास किए जाते रहेंगे।
कार्यक्रम में दुग्ध संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, प्रशासन/विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पी. एंड आई. सुभाष बाबू, अवशीतन केंद्र कालाढूंगी प्रभारी शांति कोरंगा सहित संघ के कई अधिकारी, पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
— दर्पण न्यूज 24/7
