

‘भजमन नारायण, नारायण… हरि-हरि!’ की गूंज के बीच रामलीला का आगाज, नारद बने नगर पंचायत अध्यक्ष लोटनी!
लालकुआं में नारद मोह का मंचन, सुरेंद्र सिंह लोटनी के नारद स्वरूप ने खींचा दर्शकों का ध्यान!
लालकुआं। ‘भजमन नारायण, नारायण… हरि-हरि!’ के भक्तिमय स्वरों के बीच लालकुआं में श्री रामलीला का शुभारंभ हुआ। अम्बेडकर पार्क में श्री आदर्श रामलीला कमेटी के तत्वावधान में आयोजित रामलीला के पहले दिन नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी देवर्षि नारद की भूमिका में नजर आए। नारद के रूप में मंच पर उनकी प्रस्तुति आयोजन के प्रमुख आकर्षणों में रही।
रामलीला का शुभारंभ क्षेत्रीय विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, पंजाबी महासभा के अध्यक्ष सरदार गुरदीप सिंह और वरिष्ठ समाजसेवी राकेश गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर किया। पहले दिन कलाकारों ने नारद मोह, रावण-कुंभकर्ण-विभीषण की ओर से भगवान शिव से वरदान मांगने और भगवान राम के जन्म के प्रसंगों का मंचन किया। क्षेत्रीय कलाकारों की प्रस्तुति को दर्शकों ने सराहा।
इस अवसर पर विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने क्षेत्रवासियों से भगवान राम के आदर्शों को जीवन में अपनाने और आदर्श समाज के निर्माण में भागीदारी निभाने की अपील की। विशिष्ट अतिथि सरदार गुरदीप सिंह और राकेश गुप्ता ने कहा कि रामलीला सत्य की असत्य पर विजय, मर्यादा और कर्तव्य का संदेश देती है। इन आदर्शों को वर्तमान जीवन में अपनाना जरूरी है।
रामलीला कमेटी के अध्यक्ष बीसी भट्ट ने नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की। कार्यक्रम में व्यापार मंडल अध्यक्ष दीवान सिंह बिष्ट, एडवोकेट हरीश नैनवाल, धन सिंह बिष्ट, हेमंत पांडे, राजकुमार सेतिया, निर्देशक पान सिंह बिष्ट, राजेंद्र सिंह रजवार, बॉबी संभल और नंदन सिंह राणा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
