खबरें शेयर करें -

तहसील दिवस में अफसर गायब, भड़का जनाक्रोश
पार्षद–नायब तहसीलदार में तीखी नोकझोंक, धरना देकर की नारेबाजी!
दर्पण न्यूज 24/7 संवाददाता
हल्द्वानी। मंगलवार को आयोजित तहसील दिवस उस समय हंगामेदार हो गया, जब फरियादियों को मौके पर जिम्मेदार अधिकारी नदारद मिले। समस्याओं के समाधान की उम्मीद लेकर पहुंचे लोगों का गुस्सा उस वक्त फूट पड़ा, जब न तो एसडीएम और न ही तहसीलदार कार्यक्रम में मौजूद थे।
इंदिरानगर और बनभूलपुरा क्षेत्र से पूर्व सभासद शकील अहमद सलमानी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग तहसील पहुंचे थे। फरियादियों का आरोप था कि हर बार की तरह इस बार भी प्रमुख अधिकारी अनुपस्थित रहे, जिससे उनकी समस्याएं अनसुनी रह जाती हैं। मौके पर केवल नायब तहसीलदार और कुछ विभागीय अधिकारी ही मौजूद थे।
इससे नाराज होकर पार्षद मनोज जोशी और शकील सलमानी के नेतृत्व में लोगों ने तहसील गेट पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने जिला और तहसील प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। हंगामे की सूचना पर एसडीएम और तहसीलदार मौके पर पहुंचे, जिसके बाद स्थिति शांत हुई और अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं।
शकील अहमद सलमानी ने आरोप लगाया कि लगातार तहसील दिवस में अधिकारियों की अनुपस्थिति आम जनता के साथ अन्याय है। उन्होंने मांग की कि लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उनका एक दिन का वेतन काटा जाए।
तहसील दिवस में महिलाओं की भी बड़ी भागीदारी रही। पद्मावती ने 10 महीने से पेंशन न मिलने की शिकायत की, जबकि राधा देवी ने इंदिरानगर क्षेत्र में नालों की सफाई की मांग उठाई। शोभा देवी ने खराब स्ट्रीट लाइट ठीक कराने और दुर्गा मंदिर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था सुधारने की मांग की। वहीं शकीना बानो ने वृद्धावस्था पेंशन और शबनम ने तलाकशुदा पेंशन का लाभ न मिलने की समस्या रखी।
इसके अलावा क्षेत्र में पेयजल संकट, नालों की सफाई, कीटनाशक छिड़काव और स्ट्रीट लाइट दुरुस्त करने जैसे मुद्दे भी प्रमुखता से उठाए गए।
इस दौरान पार्षद मनोज जोशी और नायब तहसीलदार के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली। पार्षद ने आरोप लगाया कि अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों से बच रहे हैं और जनता की समस्याओं का समाधान करने में गंभीर नहीं हैं।
प्रदर्शन के दौरान शब्बीर अहमद अल्वी, मसरूर अहमद, मोहम्मद यूनुस, मोहम्मद यूसुफ, अनस अहमद सलमानी समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

उत्तराखंड