








खड़ी स्कूटी बनी आग का गोला, बाल-बाल बची फार्मासिस्ट !
जागेश्वर एएनएम सेंटर के बाहर मचा हड़कंप, शॉर्ट सर्किट से भड़की आग।
दर्पण न्यूज 24/7 संवाददाता जागेश्वर। जागेश्वर एएनएम सेंटर के बाहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क किनारे खड़ी एक स्कूटी में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते स्कूटी आग का गोला बन गई और पूरे क्षेत्र में धुएं का गुबार छा गया।
जानकारी के अनुसार स्कूटी सुनीता नेगी की है, जो जागेश्वर एएनएम सेंटर में फार्मासिस्ट के पद पर तैनात हैं। जैसे ही स्कूटी से आग की लपटें उठीं, उन्होंने तत्परता दिखाते हुए खुद को सुरक्षित दूरी पर कर लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना के समय आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। दमकल विभाग के मौके पर पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया, हालांकि स्कूटी पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। गनीमत रही कि समय रहते स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया, अन्यथा आग आसपास खड़े वाहनों और भवनों को भी अपनी चपेट में ले सकती थी।
