महाकुंभ 2027 की तैयारियां तेज: मेला अधिकारी सोनिका सिंह ने किया दक्षिणदीप व बैरागी कैंप का निरीक्षण, सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर कड़े निर्देश!
दर्पण न्यूज 24/7 संवाददाता
हरिद्वार।आगामी वर्ष यहां आयोजित होने वाले महाकुंभ मेले की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है। व्यवस्थाओं को सुरक्षित, सुचारू और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से मेला अधिकारी सोनिका सिंह स्वयं जमीनी स्तर पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग कर रही हैं।
इसी क्रम में मंगलवार सुबह उन्होंने दक्षिणदीप और बैरागी कैंप क्षेत्र का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़कों, पुलों और घाटों की स्थिति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को भारी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ को ध्यान में रखते हुए इन्हें और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
बैरागी कैंप में भूमि समतलीकरण और पार्किंग पर जोर!
बैरागी कैंप क्षेत्र में अखाड़ों और धार्मिक संस्थाओं के लिए चिन्हित शिविर स्थलों का निरीक्षण करते हुए मेला अधिकारी ने भूमि समतलीकरण शीघ्र पूरा करने और पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संभावित यातायात दबाव को देखते हुए विस्तृत ट्रैफिक प्लान तैयार करने पर भी बल दिया, ताकि मेले के दौरान आवागमन सुचारू बना रहे।
साथ ही बिजली, पेयजल और स्वच्छता व्यवस्थाओं की भी मौके पर समीक्षा की गई और संबंधित विभागों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए।
दक्षिणदीप घाटों पर सुरक्षा सर्वोपरि !
दक्षिणदीप क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान मेला अधिकारी ने घाटों की सीढ़ियों, रेलिंग और प्रकाश व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने नियमित सफाई और समय-समय पर मरम्मत कार्य सुनिश्चित करने को कहा।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने अधिकारियों को तकनीकी कमियों की पहचान कर उन्हें तत्काल दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उप मेला अधिकारी मनजीत सिंह एवं सीओ ट्रैफिक विनोद सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
महाकुंभ 2027 को भव्य और सुव्यवस्थित रूप देने के लिए प्रशासन की सक्रियता अब स्पष्ट रूप से जमीनी स्तर पर दिखाई देने लगी है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगमता और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए हर स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
