खबरें शेयर करें -
राइका मोतीनगर में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम, छात्रों को यातायात नियमों का दिया गया संदेश।
दर्पण न्यूज 24/7 हल्दूचौड़।
शासन द्वारा 16 जनवरी से 15 फरवरी तक मनाए जा रहे राज्य सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज मोतीनगर में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) जितेंद्र सिंगवान ने छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में सबसे अधिक शिकार 18 से 30 वर्ष आयु वर्ग के युवा हो रहे हैं। हर वर्ष लाखों लोग सड़क हादसों में अपनी जान गंवा देते हैं। यदि सभी नागरिक यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट व सीट बेल्ट का प्रयोग करें और नियंत्रित गति से वाहन चलाएं तो दुर्घटनाओं में बड़ी कमी लाई जा सकती है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विद्यालय के प्रधानाचार्य के.एन. जोशी ने छात्रों को दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, ओवरस्पीडिंग से बचने और यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर सड़क सुरक्षा विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। चित्रकला प्रतियोगिता में सार्थक कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि प्रियांशु बिष्ट और जैद खान ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान हासिल किया। वहीं भाषण प्रतियोगिता में सूरज बिनवाल प्रथम, संजय मौर्य द्वितीय तथा प्रियांशु तृतीय स्थान पर रहे।
विजेता प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि जितेंद्र सिंगवान एवं प्रधानाचार्य के.एन. जोशी द्वारा पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का संचालन संयोजक डॉ. सुरेश भट्ट ने किया।
कार्यक्रम में गणेश पांडे, ओमप्रकाश गौतम, राजेंद्र जोशी, पुष्पा नेगी, मोनी रावत, दीपा खनका सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।
फोटो। छात्रों को यातायात नियमों का पाठ पढ़ाते एआरटीओ।

उत्तराखंड