AI से सियासत में बवाल: हरीश रावत के फर्जी वीडियो पर लालकुआं में उबाल, कांग्रेस ने BJP के खिलाफ दी तहरीर
लालकुआं (दर्पण न्यूज 12/7)।
उत्तराखंड की राजनीति में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के कथित दुरुपयोग ने बड़ा सियासी तूफान खड़ा कर दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत का एक AI-निर्मित वीडियो भारतीय जनता पार्टी के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल ‘X’ पर साझा किए जाने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है। मामला तूल पकड़ता जा रहा है और प्रदेश भर में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए हैं।
इसी क्रम में सोमवार को लालकुआं में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। बिन्दुखत्ता ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पुष्कर दानू और नगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भुवन पांडे के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने लालकुआं कोतवाली का घेराव किया। इस दौरान कोतवाल बृजमोहन राणा को तहरीर सौंपकर भाजपा के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज के संचालकों पर भ्रामक और झूठी सामग्री प्रसारित करने का आरोप लगाया गया तथा तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।
कोतवाली परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों में संभावित हार को देखते हुए भाजपा बौखलाहट में इस तरह की हरकतें कर रही है। नेताओं का आरोप है कि AI के जरिए हरीश रावत के ऐसे बयान दिखाए जा रहे हैं, जो उन्होंने कभी दिए ही नहीं। कांग्रेस का कहना है कि पहले भाजपा इस तरह की ‘डर्टी पॉलिटिक्स’ के लिए फर्जी या अज्ञात पेजों का सहारा लेती थी, लेकिन अब नैतिकता की सारी सीमाएं तोड़ते हुए अपने आधिकारिक प्लेटफॉर्म से ही भ्रामक वीडियो प्रसारित कर रही है।
कांग्रेस ने इसे जनता का ध्यान मूल मुद्दों से भटकाने की साजिश बताया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि प्रदेश की जनता रोजगार, बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं और बढ़ते भ्रष्टाचार पर जवाब मांग रही है, जिससे बचने के लिए भाजपा तकनीक का दुरुपयोग कर रही है। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि विवादित वीडियो को जल्द हटाकर सार्वजनिक माफी नहीं मांगी गई और दोषियों पर मुकदमा दर्ज नहीं हुआ, तो प्रदेशव्यापी उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
प्रदर्शन में वरिष्ठ नेता हरेंद्र बोरा, हेमवती नंदन दुर्गापाल, कुंदन मेहता, प्रमोद कालौनी, गिरधर बम, महिला नेत्री बीना जोशी, प्रदीप पर्थ्याल, कमल दानू, लक्ष्मण धपोला, दीपक बत्रा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
