खबरें शेयर करें -

नैनीताल में रफ्तार का कहर: फांसी गदेरा में तेज कार ने तीन मजदूरों को कुचला, चालक फरार।

दर्पण न्यूज 24/7
नैनीताल। उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला नैनीताल के तल्लीताल क्षेत्र स्थित फांसी गदेरा का है, जहां गुरुवार सुबह एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे जा रहे तीन मजदूरों को बेरहमी से रौंद दिया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि कार चालक और उसका साथी मौके से फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हरि नगर निवासी बिहारी लाल, पप्पू और राजेश लाल गुरुवार सुबह पेंटिंग का काम करने के लिए राजभवन मार्ग स्थित आर्मी गेस्ट हाउस की ओर जा रहे थे। चढ़ाई पर अचानक तेज गति से आ रही कार ने तीनों को टक्कर मार दी। आरोप है कि चालक ने वाहन नहीं रोका, बल्कि तीनों को कुचलते हुए आगे बढ़ गया। कुछ दूरी पर कार को सड़क पर छोड़कर चालक और उसका साथी फरार हो गए।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से कार के नीचे दबे तीनों घायलों को बाहर निकाला गया और तत्काल बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार, बिहारी लाल की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया जा रहा है, जबकि अन्य दो का इलाज जारी है।
सीओ रविकांत सेमवाल ने बताया कि हादसे में शामिल वाहन को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में वाहन चालक के पुलिसकर्मी होने की जानकारी सामने आई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।
तेज रफ्तार और लापरवाही से हुई इस घटना ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

उत्तराखंड