खबरें शेयर करें -

ड्यूटी में नशा और दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं एसएसपी डॉ मंजूनाथ टीसी।

दर्पण न्यूज 24/7

नैनीताल। आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने पुलिस लाइन नैनीताल में आयोजित मासिक समीक्षा बैठक में साफ चेतावनी दी कि ड्यूटी के दौरान नशा करने या आमजन से दुर्व्यवहार करने वाले पुलिस कर्मियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में मार्च माह के अपराधों और कानून-व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। एसएसपी ने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता आमजन के साथ बेहतर संवाद और संवेदनशील व्यवहार होना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि हर पुलिसकर्मी जनता से शालीनता से पेश आए, जिससे पुलिस की छवि मजबूत हो।

उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्यूटी के दौरान आने वाली किसी भी समस्या या विवाद की स्थिति में विभाग अपने कर्मियों के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा, लेकिन अनुशासनहीनता किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

एसएसपी ने सीसीटीएनएस प्रणाली का हवाला देते हुए कहा कि प्रत्येक केस की विवेचना निर्धारित समय सीमा में पूरी करना अनिवार्य है। लापरवाही या देरी होने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के साथ वेतन व प्रदर्शन आधारित दंड भी दिया जाएगा।

बैठक में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चन्द्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, एसपी संचार रेवाधर मठपाल सहित सभी सीओ, थाना प्रभारी, शाखा प्रभारी, यातायात, सीपीयू और पीएसी के अधिकारी मौजूद रहे।

33 पुलिस कर्मियों का सम्मान

पुलिस कर्मियों का मनोबल बढ़ाने के लिए एसएसपी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले 33 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि बेहतर कार्य करने वालों को प्रोत्साहन देना विभाग की प्राथमिकता है, ताकि अन्य कर्मियों को भी प्रेरणा मिल सके।

उत्तराखंड