खबरें शेयर करें -

कड़कड़ाती ठंड में 77वें दिन भी जारी धरना, सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने पेंशन बहाली को लेकर सरकार को दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी।

देहरादून।
सिंचाई विभाग एवं लोक निर्माण विभाग उत्तराखंड के सेवानिवृत्त कार्यप्रभारित से नियमित कर्मचारियों द्वारा पेंशन बहाली की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन आज 18 दिसंबर 2025 को भी जारी रहा। यमुना कॉलोनी स्थित प्रमुख अभियंता कार्यालय परिसर में संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले धरने का 77वां दिन तथा क्रमिक अनशन का 67वां दिन पूरा हो गया।

कड़ाके की ठंड के बावजूद बुजुर्ग सेवानिवृत्त कर्मचारी धरना स्थल पर डटे हुए हैं। ठंड और अस्वस्थता के चलते कई कर्मचारी बीमार भी हो गए हैं। संघर्ष समिति की ओर से धरना स्थल पर चिकित्सकीय परामर्श की व्यवस्था की गई है। इसके बावजूद शासन-प्रशासन की ओर से अब तक कोई सकारात्मक पहल न होने से कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है।

धरना दे रहे सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने सरकार और शासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए अविलंब पेंशन बहाली का शासनादेश जारी करने की मांग की। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को उग्र रूप दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

आज क्रमिक अनशन पर बैठे सेवानिवृत्त कर्मचारियों में श्री धूरताराम (72), सिंचाई खंड नरेंद्रनगर, श्री सोहन सिंह (सिंचाई विभाग, डाकपत्थर), श्री श्रीपाल सिंह (निवि, भरवाड़ी उत्तरकाशी), श्री सरूप सिंह सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे। धरना स्थल पर श्री मलेन्द्र चंद्र पांडे, श्री बतासिंह मनवाल, श्री पीतांबर दत्त जुमाल, श्री गोपाल सिंह बिष्ट, श्री धामपाल लांभ सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।

संयुक्त संघर्ष समिति के प्रांतीय सचिव हिकमत सिंह नेगी ने कहा कि सरकार की कर्मचारी विरोधी नीति से सेवानिवृत्त कर्मचारी स्वयं को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। जब तक पेंशन बहाली का शासनादेश जारी नहीं होता, तब तक आंदोलन अनवरत जारी रहेगा।

 

उत्तराखंड