खबरें शेयर करें -

लालकुआं में सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों पर सख्ती, 13 के चालान, एक सीज।
दुर्घटनाओं के बाद जागा परिवहन विभाग, एनएचएआई के साथ चला संयुक्त अभियान।

लालकुआं, 18 दिसंबर।
लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं के बाद आखिरकार परिवहन विभाग हरकत में आ गया है। सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने एनएचएआई (हल्द्वानी) के साथ संयुक्त रूप से लालकुआं क्षेत्र में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया।

आरटीओ ईस्ट के परिवर्तन आदेश के तहत एआरटीओ ईस्ट जितेंद्र सिंहवान के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। बुधवार रात्रि एनएचएआई की पेट्रोलिंग टीम के सहयोग से सड़क किनारे खड़े वाहनों के खिलाफ सख्त चेकिंग अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान हाईवे किनारे खड़े ट्रकों, गन्ना ले जा रहे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों तथा भूसा (बगास) से लदे ट्रकों पर कार्रवाई की गई। नियमों के उल्लंघन पर कुल 13 वाहनों के चालान काटे गए, जबकि एक वाहन को सीज किया गया।

प्रवर्तन कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक अनिल कार्की, प्रवर्तन आरक्षक गौरव कुमार और सुनील कुमार ने सक्रिय भूमिका निभाई। अधिकारियों ने बताया कि सड़क पर अवैध रूप से खड़े भारी वाहन दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बनते हैं, जिससे यातायात भी बाधित होता है।

परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा, ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाया जा सके।

उत्तराखंड