खबरें शेयर करें -

रामनगर में दर्दनाक हादसा: कमरे में जिंदा जलने से मजदूर की मौत, जांच में जुटी पुलिस।

दर्पण न्यूज 24/7

रामनगर संवाददाता

रामनगर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नीलकंठ मंदिर गुलरघट्टी क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति की कमरे में जलने से मौत हो गई। मृतक की पहचान पन्ना (उम्र लगभग 45 वर्ष) के रूप में हुई है, जो अकेले रहता था और मजदूरी कर अपना जीवनयापन करता था।

पुलिस के अनुसार बुधवार को एक युवक ने सूचना दी कि नीलकंठ मंदिर गुलरघट्टी, रामनगर के पास रहने वाला पन्ना अपने कमरे में जली हुई अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां पन्ना किचन में बुरी तरह झुलसी हालत में मृत मिला।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक मृतक शराब का अत्यधिक सेवन करता था। घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर एफएसएल टीम को बुलाया गया। पुलिस ने पंचायतनामा भरते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। साथ ही फायर टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर फायर ऑडिट भी किया गया।

फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और मौत के सही कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

उत्तराखंड